गाजियाबाद में डॉग रजिस्ट्रेशन नहीं कराने पर लगेगा 10 हजार रुपये का जुर्माना

-अजनारा सोसाइटी में श्वान मालिक से निगम ने वसूला जुर्माना
-श्वान पंजीकरण के साथ-साथ टीकाकरण अनिवार्य के लिए नगर आयुक्त ने की अपील

गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में इन दिनों अवारा के साथ पालतू कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। आवारा कुत्तों के काटने से लोग डरे हुए हैं। डेली कुत्तो के काटने के आंकड़ों से लोग डरे हुए नजर आ रहे हैं। डर इतना है कि गलियों में कुत्तों को देखकर लोग अपना रास्ता बदल ले रहे हैं। रास्ते में लोगों को ये डर बना रहता है कि कब कुत्ता उन पर अचानक हमला कर दे कोई भरोसा नहीं। सबसे ज्यादा चिंता छोटे बच्चों को लेकर है। उनका घर से निकलना मुश्किल हो गया है। कुत्तों के बढ़ते आतंक को देखते हुए नगर निगम ने अपनी शुरु कर दी है। जिसके लिए अब कुत्तों का रजिस्ट्रेशन एवं पंजीकरण के लिए जन जागरूकता अभियान चला रहा है। जिसमें सामाजिक संस्थाएं आरडब्लूए एवं एनजीओ पदाधिकारी भी निगम का सहयोग कर रहे हैं। शहर में बढ़ते कुत्तों के आतंक पर रोक लगाने के लिए नगर निगम शहर वासियों से पालतू श्वान के रजिस्ट्रेशन पर जोर दे रहा है।

वहीं निगम ने कार्रवाई करते हुए अजनारा इंटीग्रेटेड सोसाइटी में श्वान मालिक से पंजीकरण न होने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। साथ ही अन्य श्वान मालिकों से समय से डॉग रजिस्ट्रेशन करने की अपील भी की गई। रजिस्ट्रेशन नहीं कराने पर जुर्माने की कार्यवाही भी की जाएगी। नगर निगम लगभग 6000 से अधिक पालतू श्वान का रजिस्ट्रेशन कर चुका है। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए श्वान मालिकों को जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। नवीन पंजीकरण के लिए नियम अनुसार नगर निगम 1000 प्रति श्वान एवं नवनीकरण के लिए 500 प्रति स्वान वसूल रहा है। रजिस्ट्रेशन न करने वाले स्वान मालिकों पर जुर्माना लगाया जा रहा है।

उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने बताया ऐसे श्वान जो बीमार हैं, विकलांग हैं एवं देसी श्वान है उनके लिए रजिस्ट्रेशन निशुल्क है। रजिस्ट्रेशन न करने की दशा में 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में जहां डॉग समस्या की समाधान पर लगातार विभाग कार्यवाही कर रहा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त द्वारा शहर वासियों से भी अपने श्वान का रजिस्ट्रेशन करने की अपील की गई है। साथ ही टीकाकरण की कार्यवाही भी पूर्ण करने के लिए भी अपील की गई है।