बोर्ड परीक्षा-2026 पर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने कसी कमर-नकल पर पूरी तरह लगेगा ब्रेक
-53884 परीक्षार्थियों की परीक्षा शुचितापूर्ण, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के सख्त निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं को सकुशल, शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जानकी सभागार, रामलीला मैदान, कविनगर में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में केंद्र व्यवस्थापकों, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य परीक्षा संचालन से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा करते हुए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करना रहा। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि बोर्ड परीक्षा-2026 में हाईस्कूल स्तर पर 14,622 बालक और 13,952 बालिकाएं सहित कुल 28,574 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे, जबकि इंटरमीडिएट में 12,769 बालक और 12,545 बालिकाएं, कुल 25,314 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस प्रकार जिले में कुल 53,884 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षाओं के संचालन के लिए जनपद में कुल 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा व्यवस्था के लिए 64 केंद्र व्यवस्थापक, 64 बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, 5 जोनल मजिस्ट्रेट, 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 64 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 6 सचल दल तथा एक कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने बैठक में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए स्ट्रॉन्ग रूम की व्यवस्था 24 घंटे सीसीटीवी कैमरा और वॉयस रिकॉर्डर के साथ सुनिश्चित की जाए। प्रश्नपत्रों के लिए डबल लॉक व्यवस्था वाली अलमारियां उपलब्ध कराई जाएं। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं रखने के लिए मुख्य द्वार पर क्लॉकरूम की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर या इनवर्टर की व्यवस्था रहे, साथ ही साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय की पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हों। प्रत्येक परीक्षा कक्ष के बाहर पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा जर्जर विद्युत तारों को समय रहते बदलवाया जाए। परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को पुलिस सुरक्षा में बंद वाहनों द्वारा मुख्य संकलन केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी केंद्रों पर सख्त निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और सीसीटीवी की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों से अपेक्षा जताई कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सजगता के साथ करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी सिटी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि बोर्ड परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नकलमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
















