– श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर से शुरू हुई श्रद्धा और भक्ति की यात्रा
– ढपली-मंजीरों की थाप पर गूंजे भजन, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया भाग
– ‘जियो और जीने दो’ व अहिंसा के संदेश को अपनाने का लिया संकल्प
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। महावीर जयंती के पावन अवसर पर साहिबाबाद क्षेत्र में मंगलवार को जैन समाज द्वारा भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। जैन सेवक मंडल के तत्वावधान में आयोजित यह प्रभात फेरी प्रात:काल श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, श्याम पार्क एक्सटेंशन से विधिवत रूप से प्रारंभ हुई। मंदिर परिसर में भगवान महावीर स्वामी की पूजा-अर्चना एवं मंगल आरती के पश्चात श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ प्रभात फेरी की शुरुआत की। प्रभात फेरी महावीर वाटिका, नवीन पार्क, जिंदल मार्केट, श्री जैन स्थानक, श्री चेतल्याजी तथा सेक्टर दो एवं तीन के प्रमुख मार्गों से होकर पुन: मंदिर परिसर पहुंची। पूरे मार्ग में भगवान महावीर स्वामी के जयकारों, भक्ति गीतों और धार्मिक नारों से वातावरण पूर्णत: भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने हाथों में धार्मिक ध्वज और बैनर लेकर भगवान महावीर के सिद्धांतों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय निवासियों ने प्रभात फेरी का स्वागत करते हुए पुष्पवर्षा की और श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।
जैन सेवक मंडल के अध्यक्ष एवं समाजसेवी विपुल जैन ने बताया कि यह प्रभात फेरी पिछले लगभग 40 वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही है और जैन समाज की धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रभात फेरी का उद्देश्य भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य, करुणा और सहअस्तित्व के संदेश को समाज तक पहुंचाना है। इस वर्ष प्रभात फेरी में लगभग छह सौ से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिनमें महिलाएं, पुरुष, युवा वर्ग और बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। प्रभात फेरी के दौरान जैन महिला मंडल की महिलाओं तथा युवा वर्ग ने ढपली और मंजीरों की थाप पर भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। श्रद्धालु भगवान महावीर के भजनों पर झूमते हुए आगे बढ़ते रहे और पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता रहा। भक्तों ने ‘जियो और जीने दो’ तथा ‘अहिंसा परमो धर्म’ के संदेश को जीवन में अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम ने समाज में शांति, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया। आयोजन में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
प्रभात फेरी में विनय जैन, सुनील जैन, दीपक जैन, अनिल जैन, संजय जैन, अनुराग जैन, पंकज जैन, अरिहंत जैन, आदिश जैन, उमेश जैन, विपिन जैन, रोहित जैन, बृजेश जैन, भव्य जैन, नितिन जैन, सिद्धांत जैन, रॉबिन, अमन जैन, अनुपार समीर जैन, मनीष नीरज जैन, अग्रिम जैन, प्रीति जैन, मीनू जैन, उमा जैन, सुमन जैन, प्रियंका जैन, संगीता जैन, रजनी जैन, ऋतु जैन, अनु जैन, वीणा जैन सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रभात फेरी के समापन पर पुन: मंदिर परिसर में सामूहिक प्रार्थना और भगवान महावीर स्वामी की आरती की गई। श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, सामाजिक सद्भाव और मानव कल्याण की कामना की। आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जोडऩे का कार्य भी किया। महावीर जयंती के इस आयोजन ने साहिबाबाद क्षेत्र को पूरी तरह धार्मिक उल्लास में रंग दिया और यह संदेश दिया कि भगवान महावीर के सिद्धांत आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करने में प्रासंगिक और प्रेरणादायक हैं। श्रद्धा, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता से संपन्न यह प्रभात फेरी क्षेत्रवासियों के लिए एक यादगार धार्मिक आयोजन साबित हुई।
















