-आदर्श बृजवासी विप्र रामलीला एवं कृष्ण लीला मंडल मथुरा ने प्रस्तुत किया नाटकीय और मंत्रमुग्ध कर देने वाला कार्यक्रम, हजारों रामभक्त हुए मंत्रमुग्ध
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। रामलीला मैदान गोल पार्क में शनिवार को श्री राम सीता विवाह, कन्यादान, कैकई का कोपभवन और राम वनवास की अति सुंदर लीला का भव्य मंचन हुआ। इस वर्ष की रामलीला आदर्श बृजवासी विप्र रामलीला एवं कृष्ण लीला मंडल मथुरा के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई। मंचन में अभिषेक शर्मा ने श्रीराम, यश शर्मा ने लक्ष्मण, मनीषा ने जानकी, कन्हैया गोस्वामी ने कैकई और भीम सिंह ने दशरथ का शानदार अभिनय किया। सभी कलाकारों ने मनोज पंडित के दिशा-निर्देशन में अपनी भूमिकाओं को जीवंत किया और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लीला का सबसे महत्वपूर्ण और आकर्षक हिस्सा कन्यादान था, जिसमें पूरे मैदान में हजारों रामभक्त जय श्री राम के जयकारों के साथ मंच तक पहुंचे। इस अवसर पर छोटे-बड़े झूले और रंग-बिरंगे स्टॉल भी उपस्थित लोगों का आकर्षण बने रहे। दर्शक रात के 12 बजे तक रामलीला का आनंद लेते रहे और हर दृश्य पर तालियों की गडग़ड़ाहट और जयकारों से माहौल गूंज उठा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सहायक पुलिस आयुक्त, साहिबाबाद श्वेता कुमारी यादव और साहिबाबाद थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने कलाकारों और आयोजन समिति की सराहना की और रामलीला के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं। मुख्य संयोजक एसपी सिंह ने बताया कि इस वर्ष की रामलीला बहुत ही आकर्षक और दर्शनीय हो रही है। रामलीला आयोजन समिति के अध्यक्ष रमाकांत पांडे, महामंत्री राम जी झा, सत्येंद्र परिहार, राकेश सूद, सुरेंद्र भारती, के.के. दुबे, धर्मेंद्र दुबे, राजेश शर्मा, संरक्षक कुसुम सिंह, सोनू मिश्रा, चंदन झा, भूपेंद्र मेहता, ललित मिश्रा, संजय सिंह, गंगा सिंह, नादिर अली, अजय कुमार, दिलीप गुप्ता और कन्हैया जी सहित अन्य सदस्यों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए पूरे मैदान में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मंचन की हर प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। श्रीराम और सीता का विवाह, लक्ष्मण और कैकई की लीला, तथा राम का वनवास सभी उपस्थित दर्शकों के दिलों को छू गया।
आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष की रामलीला में कला और संस्कृति का समागम देखने को मिला, जिसमें धार्मिक और नैतिक संदेश के साथ मनोरंजन का भी उत्कृष्ट मिश्रण था। रामलीला आयोजन स्थल पर बच्चों और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। मंच पर प्रस्तुत हर दृश्य ने रामकथा की पावनता और उसकी सीख को दर्शकों के समक्ष जीवंत किया। आयोजकों ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा, ताकि दर्शक पूरी तरह से लीला का आनंद ले सकें। समापन के बाद उपस्थित दर्शकों ने आयोजकों और कलाकारों को इस अद्भुत प्रस्तुति के लिए धन्यवाद और प्रशंसा दी। गोल पार्क में आयोजित यह रामलीला गाजियाबाद में सांस्कृतिक आयोजनों की एक नई मिसाल के रूप में याद रखी जाएगी।
















