उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नवयुग मार्केट स्थित नगर निगम मुख्यालय के बेसमेंट में शुक्रवार शाम को करीब 5:20 बजे भीषण आग लग गई। आग लगते ही नगर निगम के कर्मचारियों वहां से कूदकर अपनी जान बचाते हुए भागने लगे। कर्मचारियों ने जैसे-तैसे करके वहां से भागकर अपनी जान बचाई। आग की सूचना मिलने पर महापौर सुनीता दयाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, पार्षद राजीव शर्मा समेत बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। आग भीषण लगी होने के चलते तत्काल फायर बिग्रेड को सूचना दी गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि शुक्रवार को शाम करीब 5.20 बजे सूचना प्राप्त हुई कि नगर निगम कार्यालय के बेसमेेंट में भीषण आग लगी हुई है।
सूचना पर कोतवाली एफएसओ के साथ 3फायर टैंकर घटनास्थल के लिए तत्काल भेजे गए। मौके पर जाकर देखा कि आग नगर निगम कार्यालय के बेसमेंट में बने मीटिंग हॉल में कंट्रोल रूम, इलेक्ट्रिक पैनल में लगी थी। जो इलेक्ट्रिक डक्ट के सहारे प्रथम तल तक पहुंच गई थी। फायर बिग्रेड के कर्मियों ने मोटर फायर इंजन से पंपिंग कर पूर्ण रूप से आग को कड़ी मशक्कत करने के बाद काबू पाया। इस घटना में बेसमेंट में बने सभागार में 10 से 12 कुर्सियां, एयर कंडीशनर एवं फॉल सीलिंग बुरी तरह से जलकर राख हो गए। घटना स्थल पर किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। शॉर्ट-सर्किट होने से आग लगना प्रतीत हो रहा हैं। हालांकि नगर आयुक्त ने आग लगने के कारण की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
















