-गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा और शारदा हॉस्पिटल ने मिलकर किया आयोजन, 250 से अधिक मरीजों की जांच
-70 वर्ष से अधिक वरिष्ठ नागरिकों के लिए निशुल्क आयुष्मान कार्ड वितरण, स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाई
-बढ़ते वायु प्रदूषण और ठंड के मौसम में स्वास्थ्य जांच की अहमियत: डॉ. आकाश अवाना
-गुरु नानक देव जी के उपदेश ‘सेवा ही सर्वोच्च धर्म हैÓ को साकार करने वाली प्रेरणादायक पहल
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर बुधवार को इंदिरापुरम स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में एक विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का संयुक्त आयोजन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, इंदिरापुरम एवं शारदा हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने गुरु नानक देव जी के दर्शन के साथ-साथ स्वास्थ्य शिविर में भी भाग लिया और चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया। गुरु नानक देव जी के उपदेश ‘सेवा ही सर्वोच्च धर्म है’ की भावना को साकार करते हुए यह स्वास्थ्य शिविर समाजसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बना। शिविर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। वरिष्ठ नागरिकों ने बताया कि ऐसे आयोजनों से समाज में स्वास्थ्य जागरूकता और सहयोग की भावना दोनों बढ़ती हैं।
शिविर में विशेष रूप से 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के निशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाए गए। इससे बुजुर्गों में उत्साह का माहौल रहा। उन्होंने आयोजन समिति और डॉक्टरों का आभार जताया। शिविर में 250 से अधिक लोगों की मुफ्त जांच की गई, जिसमें शुगर, ब्लड प्रेशर, बीएमआई जैसी प्रमुख जांचें शामिल थीं। लोगों को उनकी जांच रिपोर्ट के अनुसार चिकित्सकीय सलाह दी गई और जरूरतमंदों को निशुल्क दवाएं भी प्रदान की गईं।
मुख्य चिकित्सक डॉ. आकाश अवाना ने बताया कि बढ़ते हुए वायु प्रदूषण और ठंड के मौसम की शुरुआत के चलते स्वांस संबंधित और उच्च रक्तचाप के मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिला है। ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज में प्रारंभिक पहचान और रोकथाम की दिशा में अहम भूमिका निभाते हैं। शिविर का संचालन शारदा हॉस्पिटल ग्रेटर नोएडा के महाप्रबंधक गौरव पांडेय एवं क्षेत्र प्रबंधक संजय वर्मा के नेतृत्व में किया गया। दोनों अधिकारियों ने बताया कि शारदा हॉस्पिटल लगातार सामाजिक दायित्वों के तहत ऐसे शिविरों का आयोजन कर रहा है ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकें।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, इंदिरापुरम के प्रांगण में पूरे दिन श्रद्धा और सेवा का अनोखा संगम देखने को मिला। लंगर में प्रसाद ग्रहण करने के बाद श्रद्धालु स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे, जहां डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ ने अत्यंत विनम्रता और समर्पण के साथ सेवाएं दीं। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हमें परोपकार, समानता और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। ऐसे आयोजन न केवल श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हैं, बल्कि समाज में सहयोग और मानवता का संदेश भी प्रसारित करते हैं। प्रकाश पर्व के इस पावन दिन पर आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर न केवल श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक बना, बल्कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में भी एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।

















