नोएडा व ग्रेनो के बीच सुगम आवागमन के लिए नया मार्ग मिलेगा

-हिंडन पुस्ता से नोएडा की तरफ 700 मीटर लंबी सड़क का निर्माण शुरू

उदय भूमि
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार अटकी परियोजनाओं को पूरा कराने पर जोर दे रहे हैं। अब
नोएडा व ग्रेनो के बीच नये मार्ग के लिए काम शुरू किया गया है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच आवागमन के लिए मार्च 2026 तक एक नया मार्ग मिल जाएगा। एलजी गोलचक्कर से नोएडा सेक्टर-145-146 को सीधे जोड़ने की परियोजना पर काम तेज कर दिया गया है। हिंडन पुस्ता के उस पर नोएडा की तरफ 700 मीटर लंबी सड़क का निर्माण शुरू कर दिया गया है। पुस्ता के किनारे बनी सड़क पर अंडरपास का निर्माण अंतिम चरण में है। यहां एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूरा होने पर परी चौक और सूरजपुर घंटाघर चौक पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो जाएगा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अपने-अपने क्षेत्र में सड़क का निर्माण कर रहे हैं। आगामी अप्रैल माह में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू होनी है। इसके बाद शहर में ट्रैफिक का दबाव और अधिक बढ़ जाएगा। परीचौक, एलजी गोलचक्कर व सूरजपुर घंटाघर चौक पर अभी से लंबा जाम लगने लगा है। इसको देखते हुए दोनों शहरों के बीच वैकल्पिक मार्ग की परियोजना पर काम तेज कर दिया गया है। प्राधिकरण के मुताबिक हिंडन पुस्ता के उस पार नोएडा की तरफ 700 मीटर लंबी सड़क का निर्माण शुरू करा दिया गया है। यह सड़क हिंडन पर निर्माणाधीन पुल से जुड़ेगी। इस परियोजना पर प्राधिकरण 25 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है।

300 मीटर एलिवेटेड होगी रोड
हिंडन पुस्ता से नॉलेज पार्क ग्रेटर नोएडा की तरफ शारदा गोलचक्कर तक लगभग 300 मीटर की सड़क एलिवेटेड होगी। ऐसा इसलिए किया जा रहा है,ताकि हिंडन पुस्ता के किनारे पहले से बनी सड़क से होकर गुजरने वाला ट्रैफिक बाधित न हो। अंडरपास के लिए लेंटर डालने का काम चल रहा है। एलिवेटेड रोड के बाकी हिस्से का काम रास्ते में आ रहे पेड़ों को स्थानांतरित किए जाने के बाद अगले 1-2 माह में शुरू किया जाएगा। इस सड़क के बनकर तैयार हो जाने पर एलजी गोलचक्कर से नॉलेज पार्क होते हुए नोएडा सेक्टर 145- 146 व आसपास के सेक्टरों में पहुंचना सुगम हो जाएगा। नोएडा- ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन से भी जोड़ा जाएगा।

हिंडन नदी पर निर्माणाधीन पुल से जोड़ने के लिए 700 मीटर लंबी सड़क का काम शुरू कर दिया गया है। एलजी चौक से शारदा गोलचक्कर तक अवरुद्ध पड़ी सड़क को पूरा करने के लिए प्रयास शुरू हो गए। इसके लिए लगभग 20 हेक्टेयर जमीन का अनिवार्य अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। सुनील सिंह, एसीईओ, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण।