नववर्ष पर माँ वैष्णो धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने विशाल भंडारे में ग्रहण किया प्रसाद

-समरकूल ग्रुप के चेयरमैन संजीव कुमार गुप्ता व राजीव कुमार गुप्ता ने परिवार सहित किए दर्शन, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
-सेवा ही सच्ची भक्ति, माता रानी की कृपा से जनकल्याण का संकल्प: संजीव कुमार गुप्ता

उदय भूमि संवाददाता
सपनावत। नववर्ष के पावन अवसर पर सपनावत स्थित माँ वैष्णो धाम मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अनुपम संगम देखने को मिला। समरकूल ग्रुप के चेयरमैन संजीव कुमार गुप्ता एवं राजीव कुमार गुप्ता के सौजन्य से माता रानी की असीम कृपा से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिर प्रांगण ‘जय माता दी’ के जयघोष से गूंज उठा और भक्तिमय वातावरण में नववर्ष का स्वागत पूरे उल्लास के साथ किया गया।
रविवार को संजीव कुमार गुप्ता और राजीव कुमार गुप्ता अपने-अपने परिवारजनों के साथ माँ वैष्णो धाम पहुंचे। दोनों भाइयों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता वैष्णो देवी से देश, समाज और परिवार की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की। दर्शन-पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का शुभारंभ किया गया। सुव्यवस्थित और अनुशासित व्यवस्था के बीच हजारों भक्तों ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया।

भंडारे में सेवा-भाव का विशेष दृश्य देखने को मिला, जहां परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और सेवादार पूरे समर्पण भाव से श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे। इस अवसर पर समरकूल ग्रुप के चेयरमैन संजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि माँ वैष्णो देवी की कृपा से हमें सेवा का अवसर मिलता है, यही हमारा सौभाग्य है। सेवा ही सच्ची भक्ति है। नववर्ष के अवसर पर माँ रानी से यही प्रार्थना है कि सभी पर उनकी कृपा बनी रहे, समाज में प्रेम, सद्भाव और समरसता का विस्तार हो। माँ वैष्णो धाम में होने वाला यह भंडारा केवल प्रसाद वितरण नहीं, बल्कि समाज को जोडऩे और मानव सेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि माँ वैष्णो धाम सपनावत उनके परिवार की आस्था और संस्कारों का प्रतीक है। उनके स्वर्गीय माता-पिता द्वारा स्थापित यह मंदिर आज हजारों श्रद्धालुओं की श्रद्धा का केंद्र बन चुका है। यहां हर रविवार नियमित रूप से भंडारे का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

गौरतलब है कि सपनावत स्थित माँ वैष्णो धाम की स्थापना संजीव कुमार गुप्ता एवं राजीव कुमार गुप्ता के स्वर्गीय माता-पिता द्वारा उनके पैतृक गांव में कराई गई थी। मंदिर प्रांगण में स्वर्गीय संतोष देवी एवं प्रेम चंद गुप्ता की आदमकद प्रतिमाएं भी स्थापित हैं, जो श्रद्धालुओं को सेवा, संस्कार और समर्पण की प्रेरणा देती हैं। यह धाम न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि सामाजिक एकता और सेवा भाव का भी सशक्त संदेश देता है। नववर्ष के इस पावन अवसर पर संजीव कुमार गुप्ता, रश्मि गुप्ता, राजीव कुमार गुप्ता, सीमा गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, सुरभि गुप्ता, आशुतोष गुप्ता, प्रियंका गुप्ता, तनुज गुप्ता, भक्ति गुप्ता, तास्विक गुप्ता, टियारा गुप्ता, इवान गुप्ता सहित परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इसके साथ ही रोहित गोयल, उमेश गर्ग, विकास गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, राकेश गोयल, ऋषभ गोयल, देवेंद्र गुप्ता, प्रिंस गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कुल मिलाकर, माँ वैष्णो धाम सपनावत में आयोजित यह विशाल भंडारा नववर्ष पर आस्था, सेवा और सामाजिक सौहार्द का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया, जहां माता रानी की भक्ति में समर्पित श्रद्धालुओं ने प्रसाद के साथ प्रेम, एकता और मानवीय संवेदनाओं को भी साझा किया।