पंचायत चुनाव में दम-खम आजमाएगी आप

उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी की दिलचस्पी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इस बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने पंचायत चुनाव में उतरने का ऐलान किया है। इसके मद्देनजर आप के कुछ नेताओं को चुनावी रणनीति के तहत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक एवं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की है कि यूपी पंचायत चुनाव में आप भी शिरकत करेगी। केजरीवाल सरकार के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम को यूपी का चुनाव प्रभारी बनाया गया है। गौतम दलित समाज से ताल्लुक रखते हैं। इसके अलावा डिप्टी स्पीकर राखी बिड़लान और विधायक सुरेंद्र कुमार को सह प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। दरअसल उत्तर प्रदेश में 2022 में विधान सभा चुनाव होने हैं। इसके पहले आम आदमी पार्टी (आप) पंचायत चुनाव में अपना दम खम आजमाना चाहती है। आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह कुछ माह से निरंतर उत्तर प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। राज्य सरकार ने संजय सिंह के खिलाफ कई मामले भी दर्ज कराए हैं। उप्र में पंचायत चुनाव के साथ 2022 के विधान सभा चुनाव में पदार्पण से पहले आप धरातल पर परीक्षण करना चाहती है। आप के अतिरिक्त कांग्रेस भी यूपी में जमीनी स्तर पर खुद को मजबूत करने को उतावली नजर आ रही है। प्रियंका गांधी वाड्रा को कमान मिलने के बावजूद पिछले दिनों संपन्न उप-चुनाव में कांग्रेस को कोई कामयाबी नहीं मिल पाई थी। बता दें कि कोविड-19 (कोरोना वायरस) के कारण उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव में देरी हो गई है। सूबे में सभी ग्राम पंचायत का कार्यकाल 15 दिसम्बर को समाप्त हो रहा है। नियमानुसार इसके पहले पंचायत चुनाव करा लिए जाने चाहिए थे, मगर कोरोना काल में चुनाव प्रक्रिया को देरी से शुरू किया जा सका है। पंचायत चुनाव के जरिए आम आदमी पार्टी (आप) यूपी में अपने वजूद कदा आंकलन करने की कोशिश में है।