गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र में सरस्वती विहार कॉलोनी में सोमवार रात को अज्ञात लोगों ने एसी मैकेनिक जसवीर (35) की गला रेत कर हत्या कर दी। मृतक का शव मंगलवार सुबह घर के अंदर कमरे में मिला। परिजनों ने दोस्तों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। हत्या की सूचना मिलने पर डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल, एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डीसीपी ने छानबीन करते हुए लोगों से पूछताछ की। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि नेहरू गार्डन चौकी क्षेत्र के सरस्वती विहार में घर के अंदर युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे तो कमरे में खून बिखरा हुआ था और युवक मृत अवस्था में पड़ा था। उसकी पहचान मूलरूप से राजस्थान निवासी जसवीर (35) पुत्र पन्नालाल के रूप में हुई। वह काफी समय से सरस्वती विहार में रह रहा था। युवक की गला काटकर हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जसवीर एसी रिपेयरिंग का काम करता था। वो घर में ग्राउंड फ्लोर पर रहता था। जबकि ऊपर के फ्लोर पर अन्य लोग रहते थे।
पुलिस जांच में पता चला है कि जसवीर का कुछ दिनों पहले कुछ लड़कों से झगड़ा हुआ था। फिलहाल हत्या का स्पष्ट कारण अभी पता नहीं चल पाए हैं। घटना के खुलासे के लिए टीम का गठन किया गया है। उधर, घटना स्थल पर हो रही चर्चा में यह बात सामने आई कि जसवीर की हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग,अवैध संबंध अथवा कुछ दिन पूर्व हुई युवकों से मारपीट हो सकती है। खोड़ा कॉलोनी के सरस्वती विहार कॉलोनी में जसवीर परिवार के साथ रहता था। यहां पर वह एसी मैकेनिक का काम करता था। जसवीर की बहन ने बताया कि उनका भाई घर के अंदर अकेला रहता था। सोमवार रात करीब 11:00 बजे घर से कुछ दूरी पर आसपास रहने वाले लड़कों के साथ उनके भाई का किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद कुछ लोग उसके भाई जसवीर को घर ले आए। इसके बाद आरोपी फिर से जसवीर के घर पहुंचे। यहां उन्होंने खाना पीना किया। इसके बाद आरोपी चले गए।
बहन का आरोप है कि देर रात आरोपी फिर आए और उनके भाई की गला रेत कर हत्या कर दी। मंगलवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने सबूत एकत्रित किए। परिजनों ने जिन लोगों पर आरोप लगाए हैं,वह फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। मंगलवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन से तहरीर लेकर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुटी है। सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया की सूचना मौके पर पहुंचे। धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का पर्दाफाश किया जाएगा।
















