स्विफ्ट कार लूट का आरोपी घायल गिरफ्तार, एसीपी नंदग्राम की टीम ने पकड़ा शातिर बदमाश

-स्वॉट टीम और सिहानी गेट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई मुठभेड़, आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और लूट की रकम बरामद
-एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने दी त्वरित कार्यवाही के निर्देश, अपराध नियंत्रण में दिखाया प्रभावशाली नेतृत्व
-पूर्व आपराधिक गतिविधियों का भी खुलासा, फरार साथी की तलाश जारी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। स्विफ्ट कार बुकिंग कर कार चालक को अगवा करने के बाद कार लूटने वाले शातिर बदमाश को स्वॉट टीम क्राइम ब्रांच और सिहानी गेट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। आरोपी इरफान पुत्र रिजवान निवासी अंसार विहार लोनी, स्थायी पता कस्बा मंगलौर जनपद हरिद्वार, उत्तराखंड, ने कई गंभीर घटनाओं को अंजाम दिया था।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने इस मामले में सक्रिय भूमिका निभाते हुए पुलिस टीम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बुधवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि लाल रंग की स्विफ्ट कार सवार कोई शातिर घटना को अंजाम देने के फिराक में शहर में घूम रहा है। सूचना मिलते ही सिहानी गेट थाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप दीक्षित और क्राइम ब्रांच की टीम को निर्देशित किया गया। पुलिस टीम ने लोहिया नगर पुलिस चौकी के पास हमदर्द कंपनी चौराहा पर चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक लाल रंग की स्विफ्ट कार आती देखी। जैसे ही टीम ने गाड़ी रोकने का प्रयास किया, कार सवार घबरा गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इसके बाद आरोपी भागने लगा और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की।

पुलिस ने जबाबी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में इरफान के बाएं पैर में गोली लगने से उसे घायल कर दिया। इरफान के कब्जे से देशी तमंचा, जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, लूट के 1500 रुपए, चार मोबाइल और लाल रंग की स्विफ्ट कार बरामद हुई। उसकी गिरफ्तारी में एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय की रणनीतिक सक्रियता और पुलिस टीम की समन्वित कार्रवाई की सराहना की जा रही है। एसीपी ने बताया कि इरफान 23 जनवरी की रात को जनपद फिरोजाबाद, थाना टूंडला में अपने साथियों के साथ मिलकर एक ईको कार की बुकिंग कर कार चालक को अगवा कर नशीला पदार्थ पिलाया और कार, मोबाइल व नगदी लूटकर फरार हो गया। इरफान का साथी मुस्तफा निवासी लोनी अब भी फरार है, जिसे पकडऩे के लिए टीम लगी हुई है। इस कार्रवाई से पहले ही दो अन्य साथी 25 जनवरी को थाना टूंडला पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिए थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इरफान पूर्व में जनपद मुरादाबाद, थाना मझौला से लूट की घटना में जेल जा चुका है और उसकी गिरफ्तारी से इलाके में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। इस कार्रवाई के दौरान एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने अपराध नियंत्रण और जांच की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने टीम को निर्देशित किया कि घटनास्थल और संदिग्धों की स्थिति का त्वरित निरीक्षण किया जाए और फायरिंग जैसी परिस्थितियों में सुरक्षा और जवाबदेही का विशेष ध्यान रखा जाए। उनकी सक्रियता और नेतृत्व ने पुलिस टीम को सही दिशा में काम करने के लिए प्रेरित किया। एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय की रणनीतिक योजना और सूझबूझ ने इस कार्रवाई को सफल बनाया।

पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने बताया कि आरोपी के फरार साथी की खोज जारी है और जल्द ही उसे भी पकडऩे के लिए अभियान चलाया जाएगा। इस मुठभेड़ और गिरफ्तारी से नगर में सुरक्षा और कानून व्यवस्था की छवि मजबूत हुई है। नागरिकों ने पुलिस की तत्परता और एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय के नेतृत्व की प्रशंसा की है।