-ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-1 में बन रहा 45 एमएलडी क्षमता का एसटीपी
-मास्टर सीवेज पंपिंग स्टेशन का कार्य भी तीन माह पूरा करने का लक्ष्य
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बृहस्पतिवार को ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-1 में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और मास्टर सीवेज पंपिंग स्टेशन (एमएसपीएस) का जायजा लिया। एसीईओ दोनों परियोजनाओं का कार्य तेज करने और तय समय के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। करीब 71 करोड़ रुपये की लागत वाले एसटीपी का निर्माण कार्य चल रहा है। अब तक लगभग 40 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य 6 माह में पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत वाले एमएसपीएस का निर्माण कार्य लगभग 3 माह में पूरा करने का लक्ष्य है। हालांकि एसीईओ ने इन दोनों परियोजनाओं को तय समयावधि से पहले ही पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
इन दोनों परियाजानओं को बनकर चालू होने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर 1, 2, 3, 4, सेक्टर 16, 16बी 16सी, टेकजोन-4 व 7, इकोटेक 12, 14, 15, हैबतपुर, पतवारी, बिसरख, ऐमनाबाद, इटेहरा, छोेटी मिलक, मिलक लच्छी, शाहबेरी, तिगड़ी आदि के सीवर को शोधित किया जा सकेगा। गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा में फिलहाल चार एसटीपी बने हुए हैं।
इनमें बादलपुर स्थित एसटीपी की क्षमता 2 एमएलडी, कासना स्थित एसटीपी की क्षमता 137 एमएलडी, ईकोटेक-2 स्थित एसटीपी की क्षमता 15 एमएलडी और ईकोटेक-3 स्थित एसटीपी की क्षमता 20 एमएलडी है। ग्रेनो वेस्ट में 45 एमएलडी क्षमता का एसटीपी बन जाने से सीवर को शोधित करने में बहुत सहूलियत हो जाएगी। एसीईओ के भ्रमण के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक सन्नी यादव और प्रबंधक संध्या सिंह व सीवर विभाग की टीम भी मौजूद रही।
















