एसीपी उपासना पाण्डेय की कार्रवाई से नंदग्राम में अपराधियों की हिम्मत टूटी, महिलाओं और आमजन के लिए सुरक्षा की गारंटी, मुठभेड़ में इनामी अपराधी घायल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर जोन क्षेत्र के नंदग्राम क्षेत्र में महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा और अपराधियों में डर का पर्याय मानी जाने वाली एसीपी नंदग्राम उपासना पाण्डेय ने शनिवार रात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक 25 हजार रुपये के इनामी और जिला बदर अपराधी को मुठभेड़ में घायल कर दिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और लूट का माल भी बरामद किया। एसीपी उपासना पाण्डेय ने बताया कि स्वाट टीम और अपराध शाखा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी किसी घटना को अंजाम देने के लिए सिहानीगेट थाना क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही स्वाट टीम, अपराध शाखा और थाना सिहानीगेट पुलिस ने हमदर्द चौराहा के पास चेकिंग शुरू की।

चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अपराधी बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया और उसे तत्काल सरकारी अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल में पूछताछ के दौरान घायल व्यक्ति ने अपना नाम अनस, पुत्र नफीस निवासी राजीव कालोनी थाना शालीमार गार्डन, वर्तमान पता न्यू जाफराबाद थाना वेलकम, दिल्ली बताया। जानकारी में सामने आया कि अनस ने अगस्त माह में मेरठ तिराहे से आईफोन मोबाइल लूट की घटना को अपने साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। तलाशी के दौरान उसके पास से लूट के 4,852 रुपये और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई।

एसीपी उपासना पाण्डेय ने बताया कि उक्त अपराधी के खिलाफ थाना सिहानीगेट में धारा 304(2) बी0एन0एस0 के तहत वांछित अपराधी का मुकदमा दर्ज है और यह अपराधी 13 जुलाई 2025 से जिला बदर है। उसके खिलाफ दिल्ली और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट आदि में लगभग 25 मुकदमे दर्ज हैं।

नंदग्राम में एसीपी उपासना पाण्डेय की यह कार्रवाई आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और अपराधियों में भय पैदा करने की स्पष्ट मिसाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी सक्रिय और निडर कार्यशैली ने क्षेत्र में अपराधियों की हिम्मत को कम किया है और महिलाओं सहित आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत की है। इस मुठभेड़ में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश भेजा है कि नंदग्राम क्षेत्र में अपराध की कोई भी गुंजाइश नहीं है और किसी भी अनधिकृत और अपराधी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाई जाए।