सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़े गए आरोपी
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने रिंकू शर्मा हत्याकांड में 4 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच की टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह कार्रवाई की है। फुटेज में चारों आरोपी हमला करते दिखाई दे रहे हैं। आरोपियों से पूछताछ चल रही है। इस केस में अब तक 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दिल्ली के मंगोलपुरी क्षेत्र में कुछ दिन पहले रिंकू शर्मा (25) की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोप से कि रिंकू को जबरन घर से ले जाकर उस पर चाकुओं से ताबड़-तोड़ हमला कर दिया गया था। वारदात के बाद दिल्ली पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा था। इस बीच पूरे मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। क्राइम ब्रांच ने जांच के क्रम में 4 आरोपियों की गिरफ्तारी की है। क्राइम ब्रांच का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में इन आरोपियों की पहचान की गई। गिरफ्तार आरोपियों में दीन मोहम्मद (40), दिलशान (22), फैयाज (21) और फैजान (21) शामिल हैं। सीसीटीवी फुटेज देखने पर मालूम पड़ा कि ये चारों भी वारदात के समय रिंकू शर्मा पर जानलेवा हमला कर रहे थे। बता दें कि रिंकू शर्मा भाजपा युवा मोर्चा से जुड़ा था। वह अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए चंदा एकत्र करने के काम में शिद्दत से जुटा था। रिंकू शर्मा के भाई ने आरोप लगाया था कि राम मंदिर के लिए चंदा एकत्र करने के कारण उनके भाई की हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद भाजपा और विश्व हिंदू परिषद ने तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की थी। भाजपा और विहिप ने आरोपियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की पुरजोर मांग की थी। रिंकू की हत्या में शामिल सभी आरोपी मंगोलपुरी क्षेत्र के रहने वाले बताए जाते हैं।















