कार्रवाई : मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूर्व सांसद गिरफ्तार

वरिष्ठ नेता केडी सिंह पर एक्शन से टीएमसी बेचैन

कोलकाता। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में तृणमूल कांग्रेस नेता और राज्य सभा के पूर्व सांसद केडी सिंह को गिरफ्तार किया है। पूर्व सांसद सिंह से जुड़ी अल्केमिस्ट इंफ्रा रियलटी लि. कंपनी पर ईडी ने साल 2016 में केस दर्ज किया था। इसके बाद से पूरे मामले की जांच चल रही थी। पूर्व सांसद की गिरफ्तारी से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में खलबली मच गई है। जानकारी के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पीएमएलए के अंतर्गत अल्केमिस्ट इंफ्रा रियलटी लि. कंपनी के खिलाफ दायर चार्जशीट, उसके निदेशकों और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ एक संज्ञान लेकर आपराधिक मामला दर्ज किया था। प्रवर्तन निदेशालय के अफसरों ने केडी सिंह को बुधवार को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। सूत्रों का कहना है कि ईडी की पूछताछ के दरम्यान पूर्व सांसद केडी सिंह कुछ लेन-देन की जानकारी देने में विफल रहे। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। सिंह के कुछ ठिकानों पर ईडी द्वारा काफी पहले छापेमारी भी की गई थी। छापेमारी के समय संपत्ति को सीज किया गया था। ईडी ने पंजाब, हरियाणा और शिमला समेत 7 ठिकानों पर छापेमारी की थी। ऐसे में 239.39 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त हुई थी, जिसमें रिजॉर्ट, शोरूम और बैंक खाते भी शामिल थे। सनद रहे कि केडी सिंह तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में आने से पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में थे। 2010 में राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद उन्होंने टीएमसी ज्वाइन कर ली थी। केडी सिंह भारतीय हॉकी फेडरेशन के प्रमुख भी रह चुके हैं। पूर्व सांसद सिंह की गिरफ्तारी से टीएमसी में खलबली मची है। पश्चिम बंगाल में इस साल विधान सभा चुनाव होने हैं। विधान सभा चुनाव से पहले टीएमसी को निरंतर झटके लग रहे हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी कुछ नेता टीएमसी को छोड़कर भाजपा का दामन थाम चुके हैं। भाजपा-टीएमसी के बीच अक्सर जुबानी जंग भी सामने आ रही है।