-2-3 माह पहले 10 से अधिक अवैध कालोनियों को सीवर लाइन से जोड़ा था
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट इलाके में वैदपुरा गांव के पास विभिन्न खसरा नंबर पर बनी अवैध कालोनियों को प्राधिकरण की सीवर लाइन से जोड़ने पर सोमवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर पांच कालोनियों की सीवर लाइन को जेसीबी की मदद से तोड़ दिया। इस दौरान एहतियात के तौर पर पुलिस और प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मी तैनात रहे।
ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में वैदपुरा और सादुल्लापुर गांव के पास अवैध रूप से बनी 10 से अधिक कालोनियों को सीवर लाइन से जोड़ने का मामला प्रकाश में आया था। नियमानुसार अवैध कालोनियों में प्राधिकरण द्वारा किसी भी तरह की सुविधा मुहैया नहीं कराई जाती है। सीईओ रवि कुमार एनजी के निर्देश पर सोमवार को वर्क सर्किल-2 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वैदपुरा गांव के पास प्राधिकरण के सीवर से जोड़ी गई पांच अवैध कालोनियों की सीवर लाइन को तोड़ दिया। सीवर लाइन को 2-3 माह पहले अवैध रूप से जोड़ा गया था। जानकारी के मुताबिक वैदपुरा और सादुल्लापुर गांव के खसरा संख्या- 207, 61, 252, 253, 249, 250 आदि पर अवैध रूप से बनी 10 से अधिक कालोनियों को प्राधिकरण की सीवर लाइन से जोड़ दिया गया था।
अवैध रूप से बनी कालोनियों को प्राधिकरण की सीवर लाइन से जोड़ने की शिकायत मिली थी। इस पर प्राधिकरण के संबंधित वर्क सर्किल को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अवैध रूप से जोड़ी गई सीवर लाइन को तोड़ दिया गया है। परियोजना विभाग को यह निर्देश दिया गया है कि सर्वेक्षण कर यह पता लगाया जाए कि किसी और अवैध कालोनी को सीवर लाइन से तो नहीं जोड़ा गया है।
एनजी रवि कुमार, सीईओ, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण
















