यातायात नियम तोडऩे वालों पर गिरी गाज, लालकुँआ पर चला प्रियाश्री पाल का डंडा

-थाना वेव सिटी पुलिस का विशेष अभियान, नियम तोडऩे वालों पर कसी नकेल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने शुक्रवार को एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत थाना वेव सिटी पुलिस ने लालकुँआ चौराहा को पूरी तरह जाममुक्त कराया और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की। लालकुँआ चौराहा लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहा था। रोजाना ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों से लेकर स्कूली बच्चों और स्थानीय निवासियों को घंटों जाम में फंसना पड़ता था। लेकिन एसीपी प्रियाश्री पाल के नेतृत्व में किए गए इस अभियान के बाद चौराहे पर यातायात व्यवस्था सामान्य और सुचारु हो गई। एसीपी प्रियाश्री पाल ने अपने तेवर साफ कर दिए कि यातायात नियम तोडऩे वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट बाइक सवारों, नो-एंट्री में प्रवेश करने वालों और सिग्नल तोडऩे वालों पर चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही आम जनता को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया। एसीपी प्रियाश्री पाल की कार्यशैली पुलिस महकमे के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बनी हुई है। वह एक ओर जहाँ कानून का कड़ाई से पालन करवाती हैं, वहीं दूसरी ओर जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर उसका त्वरित समाधान भी करती हैं। उनके नेतृत्व में वेव सिटी पुलिस ने कई बार यह साबित किया है कि यदि इच्छाशक्ति और सही दिशा हो, तो किसी भी समस्या का हल निकाला जा सकता है।

अभियान के दौरान चौराहे पर मौजूद स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने एसीपी प्रियाश्री पाल की पहल की सराहना की। लोगों ने कहा कि ऐसे प्रयास लगातार होते रहने चाहिए ताकि गाजियाबाद की सड़कों पर न केवल जाम की समस्या खत्म हो, बल्कि दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगाया जा सके। एसीपी प्रियाश्री पाल ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग सबसे अहम है, क्योंकि जब तक लोग खुद यातायात नियमों का पालन नहीं करेंगे, तब तक पुलिस के प्रयास अधूरे रहेंगे।