फिल्म मेहंदी फ्रेम अभिनेता फराज खान का निधन

अभिनेत्री पूजा भट्ट ने ट्वीट कर जानकारी दी

नई दिल्ली। कोरोना काल में बॉलीवुड को एक और सदमा पहुंचा है। बॉलीवुड अभिनेता फराज खान का निधन हो गया है। वह काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। फिल्म मेहंदी में फराज ने अभिनेत्री रानी मुखर्जी के साथ काम किया था। उनके अभिनय को खूब सराहना मिली थी। 46 वर्षीय अभिनेता फराज खान कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। बैंगलुरु के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की जानकारी अभिनेत्री पूजा भट्ट ने साझा की है। उन्होंने पहले भी फराज की खराब सेहत की जानकारी दी थी। फिल्म मेहंदी में फराज खान ने रानी मुखर्जी के साथ अभिनय किया था। फराज के निधन पर पूजा भट्ट ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर लिखा कि भारी दिल के साथ इस खबर को बता रही हूं कि फराज खान हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। उम्मीद है कि वह अब बेहतर दुनिया में होंगे। आप सभी ने जो मदद की उसके लिए धन्यवाद। आप सभी मदद के लिए आगे आए, जब फराज के परिवार को इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। फराज के परिवार को दुआओं में याद रखें। फराज की जगह कोई नहीं भर सकता। इसके पहले पूजा भट्ट ने कुछ दिन पहले फराज के अस्वस्थ होने की जानकारी दी थी। पूजा ने अपील की थी कि लोग आगे आकर फराज और उनके परिवार की मदद करें। सलमान खान ने भी पूजा की अपील पर परिवार की सहायता की थी। बता दें कि फराज खान ने 1990 के दशक के अंत और 2000 के दशक की शुरुआत में कई सुपरहिट फिल्मों में अभिनय किया था। इनमें फरेब और मेहंदी जैसी फिल्में शामिल हैं। फराज खान मशहूर अभिनेता यूसुफ खान के बेटे थे। बता दें कि कोरोना काल में बॉलीवुड अब तक कई कलाकारों को खो चुका है। इनमें सुशांत सिंह राजपूत, ऋषि कपूर व इरफान खान आदि शामिल हैं।