लालकिला उपद्रव के बाद से चल रहा था फरार
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू को गिरफ्तार कर लिया है। सिद्धू पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। 26 जनवरी को लालकिला में उपद्रव होने के बाद से वह फरार चल रहा था। दीप सिद्धू की सरगर्मी से तलाश हो रही थी। पुलिस की टीमें निरंतर उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। बता दें कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसानों ने 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर रैली निकाली थी। उस दौरान काफी संख्या में प्रदर्शनकारी प्रतिबंधों को ताक पर रखकर लालकिला में घुस गए थे। लालकिला की प्राचीर पर धार्मिक ध्वज भी फहरा दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने संगीन धाराओं में उपद्रवियों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज की थी। लालकिला में उपद्रव के दौरान पंजाबी फिल्मों का अभिनेता दीप सिद्धू भी मौजूद था। एफआईआर दर्ज होने के बाद वह फरार हो गया था। बाद में दिल्ली पुलिस ने उस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर दिया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आरोपी सिद्धू को गिरफ्तार कर लिया है। फरारी के दौरान वह फेसबुक के जरिए निरंतर वीडियो मैसेज जारी कर रहा था। दिल्ली पुलिस ने दावा किया था कि सिद्धू अपनी एक करीबी मित्र के जरिए सोशल मीडिया पर वीडियो डाल रहा था। सिद्धू की महिला मित्र कैलिफोर्निया में रहती है। दीप सिद्धू वीडियो बनाकर महिला मित्र को भेजता थाद्ध बाद में वह सिद्धू के फेसबुक अकाउंट से उन्हें अपलोड करती थी। डीसीपी संदीप यादव के मुताबिक दीप सिद्धू करनाल में किसी का इंतजार कर रहा था। इनपुट मिलने के बाद पुलिस ने सोमवार की रात उसे गिरफ्तार कर लिया। सिद्धू को दबोचने के लिए दिल्ली पुलिस की टीमें पंजाब में विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही थीं। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ चल रही है। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















