गाजियाबाद में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने खुदकुशी की

गाजियाबाद। जनपद में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-9 योगेश कुमार ने खुदकुशी कर ली है। शुक्रवार की सुबह उन्हें आनन-फानन में निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर जाकर प्रारंभिक जांच-पड़ताल की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। उधर, जनपद न्यायालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई है। सिहानी गेट थानांतर्गत नेहरू नगर में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-9 योगेश कुमार रहते थे। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की सुबह कुमार ने आत्महत्या कर ली। सुबह 9 बजे घटना की जानकारी मिलने पर उन्हें तत्काल यशोदा अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जनपद न्यायालय में विगत 17 मार्च 2020 को योगेश कुमार की नियुक्ति हुई थी। पुलिस क्षेत्राधिकारी (द्वितीय) अवनीश कुमार ने बताया कि अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-9 योगेश कुमार ने खुदकुशी की है। खुदकुशी के कारणों का अभी मालूम नहीं पड़ा है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच चल रही है। पुलिस ने अपर जिला जज के नेहरू नगर आवास पर जाकर भी छानबीन की। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कुछ महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की बारीकी से जांच हो रही है। उधर, अपर जिला जज-9 योगेश कुमार द्वारा आत्महत्या कर लिए जाने की खबर से जनपद न्यायालय में एकाएक शोक की लहर दौड़ गई। साथी जजों ने योगेश कुमार की मौत पर शोक जाहिर किया है।