समीक्षा अधिकारी परीक्षा को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन

-जिलाधिकारी दीपक मीणा ने की बैठक, निष्पक्ष और नकलविहीन परीक्षा की सख्त हिदायत

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी समीक्षा अधिकारी/ सहायक समीक्षा अधिकारी प्रारंभिक परीक्षा 2023 को पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु प्रशासन सतर्क हो गया है। परीक्षा से पूर्व महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्र व्यवस्थापकों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। यह बैठक दो चरणों में सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी मीणा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अक्षरश: पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षार्थियों और परीक्षकों को परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इस पर केंद्र व्यवस्थापक और सेक्टर मजिस्ट्रेट विशेष ध्यान दें। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पर्याप्त प्रकाश और वेंटिलेशन जैसी मूलभूत सुविधाओं की समय रहते उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जानकारी दी गई कि इस बार गाजियाबाद जिले में कुल 23,800 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इसके लिए 50 परीक्षा केंद्र चिन्हित किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक-एक केंद्र व्यवस्थापक और एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। साथ ही पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाएगी, ताकि सुरक्षा और अनुशासन सुनिश्चित रह सके। परीक्षा का समय पूर्वाह्न 9:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक निर्धारित है, लेकिन परीक्षार्थियों को सुबह 8:00 से 8:45 तक ही केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। 8:45 के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा, यह नियम सभी केंद्रों पर सख्ती से लागू रहेगा। जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों से यह भी अपील की कि वे परीक्षा आयोजन से संबंधित बुकलेट का गंभीरतापूर्वक अध्ययन करें और उसमें उल्लेखित प्रत्येक निर्देश को समझें।

उन्होंने कहा कि सभी केंद्र व्यवस्थापक व सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा से पूर्व अपने-अपने केंद्रों का भौतिक निरीक्षण अवश्य करें, ताकि परीक्षा वाले दिन किसी भी स्तर पर कोई असुविधा उत्पन्न न हो। इसके साथ ही अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायज़ा लें। परीक्षा संबंधी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर मजबूत समन्वय बनाए रखें। इस अवसर पर एडीएम (ई) रणविजय सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।