जनसमस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन सक्रिय, तीनों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित

-डीएम दीपक मीणा ने खुद लिया निरीक्षण का जिम्मा, मौके पर ही 9 मामलों का निस्तारण
-कस्तूरबा गांधी विद्यालय व यमुना पुस्ता क्षेत्र का किया निरीक्षण

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने हेतु जनपद में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। माह के प्रत्येक प्रथम और तृतीय शनिवार को आयोजित किए जाने वाले इस विशेष अभियान के अंतर्गत जिले की तीनों तहसीलों लोनी, मोदीनगर और सदर में अधिकारियों ने जनता की शिकायतें सुनीं और मौके पर ही उनके निस्तारण का प्रयास किया। लोनी तहसील में सम्पन्न समाधान दिवस की अध्यक्षता स्वयं जिलाधिकारी दीपक मीणा ने की। इस अवसर पर उन्हें कुल 60 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी समस्या को टालने की प्रवृत्ति न अपनाई जाए, बल्कि संवेदनशीलता और जि़म्मेदारी के साथ हर मामले को गंभीरता से लिया जाए। डीएम के साथ मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, एसडीएम राजेन्द्र सिंह, एसीपी लोनी समेत अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।

मोदीनगर तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता एडीएम (ई) रणविजय सिंह ने की। यहां कुल 25 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शिकायतों को सुनने और निपटाने के दौरान एसडीएम अजीत सिंह, तहसीलदार, स्थानीय पुलिस अधिकारी और अन्य विभागों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्होंने समस्याओं की गंभीरता को समझते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की। वहीं सदर तहसील में कुल 20 शिकायतें सामने आईं, जिनमें से चार का समाधान तत्काल कर दिया गया। समाधान दिवस के इस आयोजन में भी प्रशासनिक अमला पूरी सक्रियता से मौजूद रहा और लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाएगा। सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी दीपक मीणा ने लोनी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय में इंटरनेट, खेल सामग्री, शैक्षिक उपकरण जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में न केवल शिक्षा बल्कि बच्चों के समग्र विकास विशेष रूप से उनकी प्रतिभा को निखारने, स्वच्छता बनाए रखने और पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जाने चाहिए। डीएम ने कहा कि संगीत, खेल या अन्य किसी रचनात्मक गतिविधि में बच्चों की रुचि हो, तो उन्हें प्रेरित करते हुए उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने बीएसए को यह भी निर्देशित किया कि शासनादेशों के तहत सभी विद्यालयों का नियमित निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए।

निरीक्षण की श्रृंखला में जिलाधिकारी ने लोनी के पंचायारा गांव के निकट यमुना नदी पर स्थित बंदा/पुस्ता क्षेत्र का भी जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थिति और संभावित सुधारात्मक उपायों का अवलोकन किया। जल से जुड़े संभावित संकटों, बाढ़ की आशंकाओं या अवैध निर्माणों से संबंधित स्थिति पर प्रशासनिक नज़र बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी द्वारा स्वयं तहसील समाधान दिवस की अध्यक्षता करना और फिर शैक्षणिक संस्थानों व ग्रामीण अवसंरचना का स्थलीय निरीक्षण करना यह दर्शाता है कि गाजियाबाद प्रशासन जनता की समस्याओं को लेकर न केवल सजग है, बल्कि उनके समाधान के लिए गंभीर और प्रतिबद्ध भी है। पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास को लेकर प्रशासन का यह सक्रिय रुख निश्चित रूप से जनविश्वास को और मज़बूत करेगा।

शिक्षा और ग्रामीण अवसंरचना पर विशेष ध्यान,, डीएम का निरीक्षण दौरा
सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज, लोनी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएसए ओ.पी. यादव एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालय में इंटरनेट, खेल सामग्री, शैक्षिक उपकरणों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बच्चों को पौष्टिक भोजन मिले, इसकी सतत निगरानी हो। स्वच्छता, स्वास्थ्य और प्रतिभा-विकास के सभी बिंदुओं पर कोई कोताही न बरती जाए। बच्चों की रुचि के अनुसार संगीत, खेल, शिक्षा आदि क्षेत्रों में उनकी प्रतिभा को निखारने हेतु प्रयास किए जाएं। शासन के निर्देशों के तहत विद्यालयों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित हो।

तीनों तहसीलों में कुल 105 शिकायतें प्राप्त, मौके पर 9 का निस्तारण
शासन के निर्देशों के अनुपालन में माह के प्रत्येक प्रथम व तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंतर्गत शनिवार को जनपद गाजियाबाद की तीनों तहसीलों लोनी, मोदीनगर और सदर में यह कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कुल 105 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 09 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।