फ्रांस की तर्ज पर कार्रवाई, तालिबान को झटका
काबुल। फ्रांस के बाद अब अफगानिस्तान ने आतंकवाद पर करारा प्रहार किया है। अफगानिस्तान की सेना ने अलग-अलग स्थानों पर एयर स्ट्राइक की है। ऐसे में तालिबान के 29 आतंकी मारे गए हैं। इससे तालिबान को झटका लगा है। अफगानिस्तान में शांति वार्ता के बावजूद तालिबान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। तालिबान के लड़ाके समय-समय पर माहौल खराब करने की कोशिश में रहते हैं। इससे निपटने के लिए अफगानिस्तान सेना ने जोरदार पलटवार किया है। ताजा घटनाक्रम में अफगान सेना की कार्रवाई में तालिबान के 29 आतंकी ढेर हो गए हैं। मृतकों में तालिबान का एक खुफिया अफसर भी शामिल है। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि हेलमंड प्रांत के नाद अली जनपद में तालिबानी समूह पर हवाई हमले में तालिबान के 10 सदस्य मारे गए। रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि जनपद नाद अली में तालिबान का एक खुफिया अफसर भी ढेर हो गया है। इसके अलावा तालिबान का एक गवर्नर गंभीर रूप घायल है। मंत्रालय ने बताया कि हवाई हमले में कुंडुज प्रांत के इमाम साहब और खान अबाद जिलों में 12 तालिबानी मारे गए थेद्ध जबकि 6 आतंकी घायल हो गए थे। इसके अतिरिक्त तालिबान के 2 किले और बड़ी संख्या में हथियार व गोला बारूद भी नष्ट किए गए हैं। इसके अलावा जाबुल प्रांत के शिंकई जिले में हवाई हमले में 7 तालिबानी मारे गए। जबकि 3 घायल हो गए। मंत्रालय ने बताया कि जनपद शाहरी सफा में सार्वजनिक सड़कों पर तालिबान द्वारा लगाए गए 4 आईईडी को खोजकर एएनए द्वारा डिफ्यूज किया गया। बता दें कि कुछ दिन पहले फ्रांस ने भी आतंकियों पर एयर स्ट्राइक की थी। फ्रांस की एयर स्ट्राइक में अलकायदा के 50 आतंकी मारे गए थे। दुनियाभर में आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष चल रहा है। कई देश आतंकवाद से बुरी तरह ग्रस्त हैं।
















