-प्रदेश सरकार की स्थानांतरण नीति के तहत कई अधिकारियों की कुर्सी बदली
-नए चेहरे गाजियाबाद में करेंगे जिम्मेदारी संभालने की तैयारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश शासन की तबादला नीति के तहत नगर निगम गाजियाबाद में लंबे समय से जमे अधिकारियों के पत्ते अब बदलने लगे हैं। रविवार को प्रदेश सरकार द्वारा जारी स्थानांतरण आदेशों के बाद नगर निगम के दो टैक्स अधीक्षकों का तबादला कर दिया गया है। कविनगर जोन में तैनात टैक्स अधीक्षक अशुतोष कुमार गुप्ता को गाजियाबाद से स्थानांतरित कर नगर निगम सहारनपुर भेजा गया है। इसी क्रम में टैक्स अधीक्षक राम शंकर वर्मा को नगर निगम गोरखपुर में तैनाती दी गई है। यह आदेश नगरीय निकाय निदेशालय लखनऊ के निदेशक अनुज कुमार झा द्वारा हस्ताक्षरित और पारित किए गए हैं। गाजियाबाद से स्थानांतरित अधिकारियों के स्थान पर अन्य जनपदों से अधिकारी भेजे जा रहे हैं।
गोरखपुर नगर निगम में तैनात टैक्स अधीक्षक बृजेंद्र कुमार लाल और विपुल विक्रम राय का तबादला गाजियाबाद नगर निगम में किया गया है। इसके अतिरिक्त वाराणसी में तैनात अवर अभियंता सुनील कुमार मौर्य को भी गाजियाबाद नगर निगम में नियुक्त किया गया है। वहीं, राजस्व निरीक्षक श्याम सुंदर दास को नगर पालिका परिषद चांदपुर, बिजनौर भेजा गया है। प्रदेश सरकार द्वारा लागू की गई स्थानांतरण नीति के तहत अधिकारियों को एक ही जनपद में लंबी तैनाती से बचाने के लिए नियमित फेरबदल किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कार्यक्षमता में नयापन लाना, पारदर्शिता बनाए रखना और स्थानीय प्रभाव को कम करना है। नगर निगम गाजियाबाद में यह तबादले प्रशासनिक सुधारों के एक अहम हिस्से के तौर पर देखे जा रहे हैं। अब सभी की निगाहें नवपदस्थ अधिकारियों की कार्यशैली और प्रदर्शन पर होंगी।
















