गौतमबुद्ध नगर। जिले में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग छोटे तस्कर से लेकर बड़े माफिया के खिलाफ अभियान चलाकर उनके मंसूबों पर पानी फेर रहा है। आबकारी विभाग की टीम ने ऐसे ही एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। जो लाइसेंसी शराब की दुकान से शराब खरीदकर दुकान बंद होने के बाद अपनी छोटी अवैध शराब की दुकान चला रहा था। जिसके कब्जे से यूपी मार्का के पव्वे बरामद किया गया।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमारी श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी टीमें अपने-अपने क्षेत्र में शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश एवं चेकिंग कर रही है। साथ ही दिल्ली व हरियाणा की तरफ से आने वाले सभी वाहनों को चेक करने के बाद ही आगे प्रवेश दिया जा रहा है। वाहन चाहे अब ट्रक हो या फिर बस व प्राइवेट वाहन सभी की जांच की जा रही है। कुछ दिन बाद नववर्ष का पर्व है। जिस कारण बाहरी राज्यों से भी शराब तस्करी की भी संभावनाएं भी बढ़ी रहती है। जिसके लिए जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
जिले की टीम के साथ-साथ प्रवर्तन मेरठ की टीमें भी शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। वहीं सोमवार को आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय एवं थाना बादलपुर की संयुक्त टीम द्वारा संदिग्ध स्थलों पर दबिश की गई। दबिश के दौरान थाना बादलपुर स्थित दुरयाई गिरधरपुर लिंक मार्ग के पास से एक व्यक्ति मंजीत पुत्र अश्विनी निवासी सेंगा एन्क्लेव गिरधर पुर रोड बादलपुर को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से 45 टेट्रा पैक कैटरीना देसी शराब यूपी मार्का बरामद किया गया। पूछताछ करने पर पता चला तस्कर लाइसेंसी शराब की दुकान से ही शराब खरीदकर उसे घर में रख लेता था। रात में जैसे ही शराब की दुकान बंद हो जाती तो उसी शराब को वह शराब की दुकान के आसपास घूम कर महंगे दामों में बेचता था। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।















