• डीपीएस मेरठ रोड के छात्र अक्षित ने बड़े आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता की राह पर कदम बढ़ाया, पिता के मार्गदर्शन से मिली प्रेरणा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सनवैली इंटरनेशनल स्कूल, वैशाली सेक्टर-1 में रविवार को आयोजित साई एकेडमी की चतुर्थ एनसीआर चेस चैम्पियनशिप में शतरंज की बिसात पर दिमागी दांव-पेंच का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला। दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न स्कूलों के सैकड़ों प्रतिभाशाली बच्चों ने अपने कौशल का जादू बिखेरा, लेकिन सबसे खास चमक डीपीएस पब्लिक स्कूल मेरठ रोड के छात्र अक्षित शर्मा ने बिखेरी। अक्षित न सिर्फ अपनी कड़ी मेहनत और गहरी सोच के बल पर आगे बढ़ रहे हैं, बल्कि उनके पीछे उनकी माता प्रीति शर्मा का अद्भुत मार्गदर्शन और लगातार मिलती प्रेरणा भी एक महत्वपूर्ण ताकत बनकर खड़ी है। अपनी माता के सपनों को साकार करने और उनके प्रोत्साहन को जीवन में उतारते हुए अक्षित हर प्रतियोगिता में नया इतिहास रच रहे हैं। पिता से मिले सकारात्मक संबल और सतत मोटिवेशन ने ही अक्षित को इस मुकाम तक पहुँचाया, जहाँ उन्होंने बड़े आयु वर्ग के खिलाडिय़ों को चुनौती देकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
शतरंज की बिसात में अक्षित शर्मा ने फिर मारी बाजी
कक्षा 9 के छात्र अक्षित ने अपनी उम्र के अंडर-15 वर्ग को छोड़कर बड़े खिलाडिय़ों की चुनौती स्वीकार की और अंडर-17 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल कर सबको चौंका दिया। अक्षित की सूझबूझ, सटीक चालें और जबरदस्त आत्मविश्वास ने साबित कर दिया कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। अक्षित शर्मा ने इससे पूर्व भी विभिन्न चेस और पजल प्रतियोगिताओं में अपनी जबरदस्त प्रतिभा का प्रदर्शन कर स्कूल और परिवार दोनों का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि ने साबित कर दिया कि आत्मविश्वास, रणनीति और धैर्य के बल पर किसी भी आयु सीमा को पार किया जा सकता है।
प्रतियोगिता का शानदार आयोजन
प्रतियोगिता को विभिन्न आयु वर्गों अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-17 में बांटा गया था। टाइम कंट्रोल 20 मिनट प्लस 5 सेकंड रखा गया, जिसने खेल में तीव्रता और रोमांच को बनाए रखा। चेस बोर्ड पर बच्चों के बीच गहन रणनीतिक मुकाबले हुए, जिसमें हर चाल भविष्य की कहानी लिखती नजर आई।
स्कूल और परिवार में खुशी की लहर
अक्षित की इस शानदार जीत पर उनके स्कूल और परिजनों ने खुशी जताते हुए उन्हें दिल से बधाई दी। डीपीएस पब्लिक स्कूल मेरठ रोड के प्रबंधन ने अक्षित की मेहनत, लगन और शतरंज के प्रति उनकी अद्भुत निष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि अक्षित जैसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों पर स्कूल को गर्व है। स्कूल प्रशासन ने आशा जताई कि अक्षित आने वाले समय में न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारत और अपने विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। परिजनों ने भी भावुक होते हुए अक्षित के समर्पण और लगातार अभ्यास को उसकी सफलता की असली कुंजी बताया। इस अवसर पर अक्षित ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता मेरे माता-पिता और शिक्षकों की प्रेरणा का परिणाम है। मेरे पिता हमेशा मेरे सबसे बड़े समर्थक और प्रेरणास्त्रोत रहे हैं। उनकी सलाह और मार्गदर्शन से ही मैं हर चुनौती का सामना आत्मविश्वास से कर पाता हूं। मेरा सपना है कि एक दिन भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतूं।

















