जीडीए शिविर में आवंटियों को मिली राहत, तीसरे दिन 99 प्रकरणों का हुआ निस्तारण

-रजिस्ट्री और नामांतरण प्रक्रिया में तेजी, लंबित मामलों के समाधान से बढ़ा आवंटियों का भरोसा
-रजिस्ट्री एवं नामांतरण शिविर में उमड़ी आवंटियों की भीड़
-प्रधानमंत्री आवास योजना के आवंटियों को मिला विशेष लाभ

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा आयोजित विशेष रजिस्ट्री एवं संपत्तियों के नामांतरण शिविर में आवंटियों का उत्साह लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के निर्देश पर लगाए गए इस विशेष शिविर का उद्देश्य वर्षों से लंबित रजिस्ट्री एवं नामांतरण से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान करना है। गुरुवार को शिविर के तीसरे दिन कुल 99 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया, जिससे बड़ी संख्या में आवंटियों को राहत मिली। जीडीए प्रांगण में आयोजित इस शिविर में सुबह से ही आवंटियों की भीड़ देखने को मिली। लोग अपनी संपत्तियों से जुड़े लंबित मामलों के समाधान के लिए दस्तावेजों के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर उनकी जांच की और पात्र मामलों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए निस्तारण सुनिश्चित किया। शिविर की व्यवस्था को सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाए रखने के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए, जहां अधिकारी और कर्मचारी लगातार आवंटियों की समस्याएं सुनते रहे।

जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि तीसरे दिन रजिस्ट्री से संबंधित कुल 44 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 37 आवेदन प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े थे, जबकि सात आवेदन सामान्य योजना के अंतर्गत आए। प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 34 आवंटियों के भवनों की रजिस्ट्री अनुमोदन हेतु पत्रावलियां अग्रसारित की गईं। इसके अतिरिक्त 22 आवेदकों की रजिस्ट्री शीघ्र तैयार कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए, जबकि 19 प्रकरणों को आगे की प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु सब रजिस्ट्रार कार्यालय भेजा गया। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आवंटियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। शिविर में मौजूद अधिकारियों ने आवंटियों को रजिस्ट्री प्रक्रिया, दस्तावेजों की कमी तथा कानूनी औपचारिकताओं के बारे में भी जानकारी दी, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो। संपत्तियों के नामांतरण यानी नाम दर्ज कराने से संबंधित मामलों में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई।

शिविर के दौरान छह नए आवेदन प्राप्त हुए, जबकि पूर्व से लंबित मामलों में से 24 प्रकरणों का निस्तारण करते हुए आवंटियों को नाम दर्ज प्रमाण पत्र जारी किए गए। इससे लंबे समय से नामांतरण की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शिविर की कार्रवाई को और अधिक गति देने के लिए सभी रजिस्ट्री लिपिकों को निर्देशित किया गया है कि वे 18 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर रजिस्ट्री पत्र तैयार करें। तैयार दस्तावेजों को आगामी 20, 21 और 22 अप्रैल को सब रजिस्ट्रार कार्यालय में प्रस्तुत कर विधिवत रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। शिविर में ओएसडी कनिका कौशिक, संयुक्त सचिव श्याम अवध चौहान, संयुक्त सचिव एमपी सिंह, विधि अधिकारी शशि भूषण राय सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

अधिकारियों की संयुक्त कार्यशैली के कारण बड़ी संख्या में मामलों का मौके पर ही समाधान संभव हो सका। जीडीए प्रशासन ने सभी आवंटियों से अपील की है कि वे 18 अप्रैल तक चल रहे इस विशेष शिविर का अधिकतम लाभ उठाएं और अपनी लंबित समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराएं। शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक जीडीए प्रांगण में आयोजित किया जा रहा है। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0120-4418384 पर संपर्क किया जा सकता है। जीडीए अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के विशेष शिविर भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि आवंटियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके और प्राधिकरण तथा नागरिकों के बीच विश्वास और पारदर्शिता को मजबूत किया जा सके।