-पौधरोपण से शहर बनेगा हरा-भरा, प्रदूषण पर लगेगी रोक
-नगर आयुक्त ने अधिकारियों संग किया मोहन नगर व वसुंधरा जोन का निरीक्षण
गाजियाबाद। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ हरा-भरा बनाने के लिए पौधरोपण करने के साथ ही शहर की ग्रीनरी पर भी अधिकारी ध्यान दें। सफाई के साथ शहर का सौंदर्यकरण भी जरुरी है। मंगलवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, जलकल महाप्रबंधक केपी आनंद, प्रकाश प्रभारी आस कुमार आदि अधिकारियों के साथ मोहन नगर व वसुंधरा जोन क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए यह दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निरीक्षण करते हुए सौंदर्यीकरण को लेकर भी योजना बनाई। मानसून के पहले चरण में आमजन के सहयोग से अधिक से अधिक पौधारोपण कर शहर को नगर निगम हरा-भरा बनाएगा।
नगर आयुक्त ने मोहन नगर चौराहा,हिंडन एयरफोर्स चौराहा, शालीमार गार्डन मुख्य एंट्री, साहिबाबाद सब्जी मंडी मुख्य मार्ग, झंडापुर, साहिबाबाद गांव, सूर्यनगर चौराहा, डाबर चौक आदि प्रमुख चौराहों व मुख्य मार्गों का निरीक्षण किया। इन पर मौके पर सफाई व्यवस्था ठीक मिली। उक्त स्थान पर ग्रीनरी बढ़ाने के लिए तथा चौराहों के सौंदर्यीकरण के लिए उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह और चीफ इंजीनियर निर्माण एनके चौधरी को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सड़कों पर पैच वर्क के कार्य को देखा। झंडापुर मार्ग पर पैच वर्क कार्य को और अधिक गुणवत्ता पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए। मोहन नगर से कौशांबी तक जाने वाले सेंट्रल वर्ज तथा ग्रीन बैल्ट पर उद्यान विभाग द्वारा रोजाना साफ -सफाई का कार्य किया जाता है।
नगर आयुक्त ने यहां पर अत्यधिक घने पौधे लगाने के लिए कहा। सेंट्रल वर्ज के साथ-साथ चौराहों को भी ग्रीनरी से हरा भरा बनाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बताया कि मानसून के शुरुआत में शहर में अधिक से अधिक पौधारोपण कर हरा-भरा बनाने की योजना पर कार्य किया जाएगा। पौधरोपण होने से आने वाले समय में आमजन के लिए लाभदायक सिद्ध होगा। औद्योगिक बंधुओं से भी नगर निगम अधिक से अधिक पौधे रोपित करने की अपील कर रहा हैं। पर्यावरण सुधार के लिए क्षेत्रवासियों से भी पौधारोपण को लेकर निरंतर जागरूकता अभियान नगर निगम चला रहा है।
















