स्वच्छता में नेतृत्व का उदाहरण: सीडीओ अभिनव गोपाल ने विकास भवन की छत से शुरू किया सफाई अभियान

-मुख्य विकास अधिकारी की अगुआई में तीन दिवसीय सफाई अभियान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री सेवा पखवाड़ा और स्वच्छता अभियान को गति देने के लिए बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव गोपाल ने विकास भवन की छत पर झाड़ू लगाकर विशेष स्वच्छता अभियान की शुरूआत की। सीडीओ की अगुआई में आयोजित इस अभियान में जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव सहित अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए। सीडीओ अभिनव गोपाल ने मंगलवार को विकास भवन की छत का निरीक्षण किया था, जिसमें कई खामियां सामने आईं। निरीक्षण के दौरान पानी की टंकियों की खराब स्थिति, असंतुलित सोलर पैनल, फैली गंदगी, अनचाहे पेड़-पौधे और जल निकासी की समस्याओं को चिन्हित किया गया। इन खामियों को दूर करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान की रूपरेखा तैयार की गई। स्वच्छता अभियान के दौरान विकास भवन की तीसरी मंजिल छत पर व्यापक सफाई की गई।

सीडीओ अभिनव गोपाल ने खुद झाड़ू लेकर कूड़ा-कचरा साफ किया और कर्मचारियों को प्रेरित किया। छत पर उगे अनचाहे पेड़-पौधों और झाडिय़ों की कटाई की गई, साथ ही सोलर पैनलों की सफाई भी की गई। प्रत्येक कार्यालय से 5-5 कर्मियों के बैच बनाकर श्रमदान कराया गया, जिससे छत की पूरी सफाई और गंदगी हटाई जा सकी। सिर्फ सफाई तक सीमित न रहकर, इस अभियान के माध्यम से विकास भवन के परिसर की सुंदरता और सुरक्षा को भी सुनिश्चित किया गया। छत पर साफ-सुथरे और व्यवस्थित क्षेत्रों के निर्माण से न केवल भवन की खूबसूरती बढ़ी है, बल्कि वहां काम करने वाले कर्मचारियों के लिए भी स्वास्थ्यवर्धक और सुरक्षित वातावरण तैयार हुआ है।

स्वच्छता को स्थायी प्रयास के रूप में अपनाने का संदेश
सीडीओ अभिनव गोपाल ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि यह सतत प्रयास और समर्पण की मांग करता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को यह संदेश दिया कि अपने कार्यालय परिसर और सार्वजनिक स्थलों की सफाई में समान जिम्मेदारी निभाना आवश्यक है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग परिसर में कम से कम 10 गमले लगाए जाएं और उनके नियमित रख-रखाव का ध्यान रखा जाए।

निगरानी और कार्य प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश
इस स्वच्छता अभियान की निगरानी और प्रगति रिपोर्ट के लिए जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीडीओ अभिनव गोपाल ने तीन दिन के भीतर सभी निर्धारित कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

सीडीओ अभिनव गोपाल की पहल से प्रेरित कर्मचारी और अधिकारी
अभियान में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सीडीओ अभिनव गोपाल की पहल की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस तरह की पहल कार्यालय परिसर में स्वच्छता और संगठनात्मक अनुशासन के प्रति जागरूकता बढ़ाती है। कर्मचारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने इस मौके पर स्पष्ट किया कि सेवा पखवाड़ा और स्वच्छता अभियान केवल औपचारिकता नहीं हैं, बल्कि यह समाज में स्वच्छता और विकास की संस्कृति को स्थापित करने का मार्गदर्शन करते हैं। उनका कहना है कि लगातार प्रयास और नेतृत्व से ही स्वच्छ और सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित किया जा सकता है।