शिक्षा मंत्री का ट्वीट, विद्यार्थियों को राहत
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की वार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने वीरवार की शाम 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा तिथियों का ऐलान कर दिया। इसके तहत बोर्ड परीक्षा 4 मई से 10 जून तक चलेंगी। प्री बोर्ड परीक्षा फरवरी में और प्रयोगात्मक परीक्षा मार्च में कराई जाएंगी। शिक्षा मंत्री निशंक ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। बोर्ड परीक्षा की तिथियों का विद्यार्थियों को बेसब्री से इंतजार था। इसके पहले शिक्षा मंत्री ने घोषणा की थी कि 31 दिसम्बर को बोर्ड परीक्षा की डेटशीट जारी कर दी जाएगी। इसके मद्देनजर विद्यार्थी वीरवार की सुबह से डेटशीट जारी होने का इंतजार करते रहे। शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने ट्वीट कर कहा कि परीक्षाओं के दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य रूप से कराया जाएगा।
शिक्षा मंत्री की घोषणा के बाद छात्र-छात्राओं को काफी राहत मिली है। छात्र-छात्राएं अपनी तैयारी और अच्छे तरीके से कर पाएंगे। शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की घोषणा के बाद परीक्षा की डेटशीट सीबीएसई की ऑफिशियल वेबसाइट पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध होगी। बता दें कि इससे पहले शिक्षा मंत्री लाइव आकर विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दे चुके हैं। सीबीएसई ने कोरोना काल में 30 प्रतिशत पाठयक्रम को कम कर दिया था। कोविड-19 (कोरोना वायरस) के कारण इस साल शिक्षण कार्य पर प्रतिकूल असर पड़ा है। लंबे समय तक स्कूल-कॉलेज बंद रहने के कारण छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन पढ़ाई करने को मजबूर होना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट की बेहतर सुविधा न होने से वहां के विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू तरीके से नहीं हो पाई। सनद रहे कि सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा ऑफलाइन की बजाए ऑनलाइन कराने की डिमांड भी की जा रही थी, मगर शिक्षा मंत्रालय ने इसे स्वीकार नहीं किया है। दरअसल ऑनलाइन परीक्षाएं कराने के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।















