रोज बेल पब्लिक स्कूल में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित, विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विजय नगर स्थित रोज बेल पब्लिक स्कूल, भूड़ शाखा में शनिवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने कौशल और प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। टॉपर्स और विजेताओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय के टॉपर्स को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, साथ ही विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।

विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों को सराहते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्याओं एवं निदेशक मंडल ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और भविष्य में और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया। टॉपर्स को सम्मानित करने के लिए विजय नगर शाखा की प्रधानाचार्या धर्मजीत कौर, भूड़ शाखा की प्रधानाचार्या गुनीत कौर एवं निदेशक (शैक्षणिक) यशमीत सिंह उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए जागरूकता पर आधारित कार्यक्रमइस अवसर पर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन, परिवार एवं पारिवारिक संबंधों के महत्व जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां और नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

इन प्रस्तुतियों को उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों ने खूब सराहा। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और सामाजिक मुद्दों पर उनकी गहरी समझ ने सभी को प्रभावित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या गुनीत कौर ने समस्त शिक्षकों और स्टाफ का आभार व्यक्त किया, जिनकी सतत मेहनत और समर्पण के बिना विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियां और उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणाम संभव नहीं हो सकते थे। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए अभिभावकों का भी आभार प्रकट किया, जिनके सहयोग से यह संभव हुआ। प्रधानाचार्या ने सभी विद्यार्थियों को आगामी सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें मेहनत एवं लगन से अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और प्रतिभा बनी चर्चा का विषय इस कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला, जिसने सभी को प्रेरित किया। विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों के लिए एक उपलब्धि का अवसर था, बल्कि यह उनके व्यक्तित्व विकास में भी सहायक सिद्ध हुआ। विद्यालय प्रशासन ने इस अवसर पर घोषणा की कि आगामी सत्र में भी विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे, जिससे वे सर्वांगीण विकास की दिशा में अग्रसर हो सकें।