सरगना गिरफ्तार, खुद को बताता था डॉन
मुंबई। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की सक्रियता से मुंबई में ड्रग्स माफिया की नींद उड़ी हुई है। एनसीबी ने जांच के क्रम में एक और ड्रग्स रैकेट का खुलासा किया है। गिरोह के सरगना अब्दुल वाहिद को गिरफ्तार किया गया है। अब्दुल से पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद जाहिर की गई है। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत केस में ड्रग्स एंगल सामने आने के बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने मुंबई में सक्रियता बढ़ाई है। इसके बाद से एनसीबी को काफी कामयाबी मिल चुकी है। एनसीबी ने मुंबई में एक और ड्रग्स रैकेट को बेनकाब किया है। मुंबई के उपनगर अंधेरी जुहू क्षेत्र में ड्रग्स आपूर्ति के इस नेटवर्क को उजागर किया गया है। अंधेरी जुहू में सक्रिय इस गिरोह का सरगना अब्दुल वाहिद है। एनसीबी ने अब्दुल वाहिद को गिरफ्तार किया है। एनसीबी के मुताबिक अब्दुल खुद को डॉन बताता है। इसलिए उसने अपना नाम बदल कर सुल्तान मिर्जा रखा था। सुल्तान मिर्जा का किरदार हाजी मस्तान पर आधारित फि़ल्म में अभिनेता अजय देवगन ने निभाया था। एनसीबी ने वाहिद की कार भी जप्त की है।कार में एमडी, चरस के अलावा पौने 2 लाख रुपए भी मिले हैं। इससे पहले एनसीबी की टीम बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, रकुल प्रीत समेत कई नामचीन अभिनेत्रियों से भी ड्रग्स कनेक्शन में पूछताछ कर चुकी है। दीपिका की टैलेंट मैनेजर करिश्मा प्रकाश पर भी जांच एजेंसी का शिकंजा कस रहा है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने क्षितिज प्रसाद को भी पुन: गिरफ्तार कर लिया है। क्षितिज के साथ एजिसियालोस को भी पकड़ा गया है। एनसीबी सूत्रों का कहना है कि दोनों को नाइजीरियन ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े एक केस में दबोचा गया है। आरोपियों से पूछताछ में दोनों का नाम आया था। क्षितिज प्रसाद इसके पहले ड्रग्स केस में गिरफ्तार हो चुका है। क्षितिज करण जौहर की धर्मेटिक कंपनी में एग्जीक्युटिव प्रोड्यूसर रह चुका है। जबकि जिसियालोस अभिनेता अर्जुन रामपाल की महिला मित्र गैब्रियला का भाई है।















