भारतीय सीमा में सेना ने पकड़ा चीनी सैनिक

पैंगॉन्ग क्षेत्र से हिरासत में लिया, पूछताछ

नई दिल्ली। लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर जबरदस्त तनाव के बावजूद चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। भारतीय सेना ने पैंगॉन्ग क्षेत्र में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सैनिक को संदिग्ध हालत में घूमते पकड़ा है। चीनी सैनिक से पूछताछ हो रही है। यह सैनिक तड़के भारतीय क्षेत्र में देखा गया था। सूत्रों ने बताया कि चीनी सैनिक शुक्रवार को तड़के पैंगॉन्ग क्षेत्र में पकड़ा गया है। लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारत और चीन के बीच लंबे समय से गतिरोध कायम है। एक अधिकारी ने बताया कि चीनी सैनिक एलएसी के इस ओर सीमा पार कर आ गया था। इसके बाद क्षेत्र में तैनात भारतीय सेना ने चीनी सैनिक को हिरासत में ले लिया। अधिकारी ने बताया कि सैनिक से निर्धारित नियम एवं प्रक्रिया के तहत पूछताछ चल रही है। इसकी जांच भी हो रही है कि चीनी सैनिक किन परिस्थितियों में भारतीय क्षेत्र में पहुंचा था। हालांकि भारतीय सीमा क्षेत्र में किसी चीनी सैनिक के मिलने की यह घटना पहली बार नहीं देखी गई है। 2 साल के भीतर सीमा पर यह दूसरी घटना है। पिछले साल अक्टूबर में भी चीनी सेना का एक कॉर्पोरल पूर्वी लद्दाख में पकड़ा गया था। 3 दिन की औपचारिक कार्रवाई के बाद उस सैनिक को चीनी सेना को सौंप दिया गया था। भारत और चीन के मध्य पिछले साल जून से तनाव चल रहा है। दोनों देशों ने लद्दाख में अपनी-अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। इस विवाद को समाप्त करने के मकसद से दोनों देशों की सेना के बीच कई दौर की वार्ता होने के बावजूद नतीजा नहीं निकल पाया है। गत वर्ष जून में दोनों सेनाओं के बीच लद्दाख की गलवान घाटी में झड़प होने पर 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे। चीन के भी कुछ सैनिक घायल हो गए थे।