गाजियाबाद। चुनाव आयोग की ओर से लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान होने के साथ ही आदर्श आचार चुनाव संहिता भी लागू हो गई है। आचार संहिता लागू होते ही सरकारी तंत्र हरकत में आ गया है। नगर निगम की टीम ने दीवारों, खंभों पर लगे भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस समेत अन्य दलों के नेताओं, संभावित उम्मीदवारों को बैनर पोस्टर उतरवाए। कई स्थानों पर लगे होर्डिंग भी हटा दिए गए। चुनावी माहौल बनाने के लिए लगाए गए पोस्टर -बैनर देर रात तक हटाए जाते रहे। नगर निगम की टीम जहां निरंतर अवैध विज्ञापन हटाने पर कार्य करती आ रही है।
वहीं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश अनुसार आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद वृहद स्तर पर अभियान चलाते हुए पॉलीटिकल प्रचार प्रसार के लिए लगे होर्डिंग बैनर पोस्टर को भी हटाया गया। नगर निगम के पांचो जोन में जोनल प्रभारी की टीम लगी रही। निर्माण विभाग द्वारा भी वृद्ध स्तर पर कार्यवाही की गई और वॉल पेंटिंग पर बने हुए पॉलीटिकल प्रचार को हटाया गया। उक्त कार्यवाही के लिए अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव को नोडल बनाया गया। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव ने बताया आदर्श आचार संहिता लागू होने के उपरांत अभियान के रूप में अवैध तथा राजनैतिक होर्डिंग, बैनर, पोस्टर, वॉल पेंटिंग को हटाया गया। बड़े तथा छोटे सभी प्रकार के विज्ञापन को हटाया गया।
नगर आयुक्त द्वारा उक्त कार्यवाही के लिए अधिकारियों की टीम भी बनाई है। जिसमें सभी जोन में कार्यवाही के लिए, जोनल प्रभारी को जिम्मेदारी दी गई है और सहायक अधिशासी अभियंता निर्माण एवं अवर अभियंता निर्माण को भी दीवारों से पेंटिंग हटाने की जिम्मेदारी दी गई है। नगर आयुक्त द्वारा चुनावी घोषणा के उपरांत शहर में आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के क्रम में सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश भी जारी किए हैं। नगर निगम सीमा अंतर्गत अभियान के रूप में कार्यवाही हो आदेश भी दिए गए। निर्वाचन आयोग द्वारा दी गई गाइडलाइन पर कार्य करने के लिए टीम का भी गठन किया गया है।


















