-पार्षद पति की शिकायत पर फर्म को नोटिस, सुपरवाइजर हटाया, लापरवाहों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम गाजि़याबाद ने अपनी सख्त और तेज़ कार्यशैली का परिचय देते हुए वार्ड संख्या 18 में हेल्पर की अनुपस्थिति की शिकायत पर तत्काल संज्ञान लिया और दोषियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पार्षद पति पवन गौतम ने हेल्पर न मिलने पर स्वयं डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन गाड़ी में बैठकर सफाई कार्य किया और यह मामला स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाया। शिकायत मिलते ही नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने न केवल जांच बिठाई, बल्कि संबंधित फर्म जे एस एनवायरो को कारण बताओ नोटिस भी जारी कराया।
अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार को जांच की जिम्मेदारी सौंपते हुए नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनहित के कामों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। कार्रवाई के क्रम में कवि नगर जोन के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक हिमांशु को नोटिस जारी किया गया और वार्ड 18 के सफाई नायक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि यह वार्ड कवि नगर जोन में आता है।
शिकायत सत्य पाए जाने पर फर्म पर जुर्माना व कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। साथ ही, सरकारी वाहन में प्राइवेट व्यक्ति को बैठाने पर भी आपत्ति जताते हुए कंपनी को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोहराई न जाए। नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वाहनों की मॉनिटरिंग 24×7 हो। ड्राइवर, हेल्पर या किसी अन्य कर्मी की अनुपस्थिति की स्थिति में तुरंत दूसरी टीम को लगाया जाए।
सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था पर लगातार नज़र रखी जाए और जनहित में किसी भी प्रकार की चूक पर तत्काल कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस तेज़ कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि नगर निगम ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही करने वालों के लिए यहां कोई जगह नहीं। निगम की सख्त कार्यशैली ने न केवल सफाई व्यवस्था को मजबूती दी है, बल्कि जनविश्वास भी बढ़ाया है।
















