पाकिस्तान में मंदिर पर हमला, मूर्ति खंडित की

कट्टरपंथियों के आगे इमरान सरकार लाचार

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में शांति एवं कानून व्यवस्था की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इसके चलते धार्मिक आस्थाओं से खिलवाड़ करने का सिलसिला जारी है। सुनियोजित साजिश के तहत हिंदुओं और मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा है। ताजा मामला सिंध प्रांत में सामने आया है। वहां जनपद थारपारकर के नागारपारकर में मां दुर्गा की मूर्ति को खंडित कर दिया गया। धार्मिक अतिवादियों के इस कारनामे से हिंदू समाज में जबरदस्त आक्रोश है। पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय को निरंतर निशाना बनाया जा रहा है। इससे अल्पसंख्यक समाज में नाराजगी बढ़ रही है। धार्मिक अतिवादियों की मनमानी पर अंकुश लगाने में सरकारी तंत्र नाकाम है। सिंध प्रांत के थारपारकर जिले के नागारपारकर में मंदिर में तोड़-फोड़ का मामला प्रकाश में आया है। मां दुर्गा की मूर्ति को खंडित करने के अलावा मंदिर को नुकसान पहुंचाया गया है। इसके पहले सिंध के बादिन में 10 अक्तूबर को मंदिर में तोड़-फोड़ की गई थी। कट्टरपंथियों की इस हरकत का पुरजोर विरोध देखने को मिला था। मंदिर के पुजारी के मुताबिक देर रात कुछ अज्ञात नागरिकों ने मंदिर में घुसकर मूर्ति को खंडित कर दिया। पुलिस ने अब तक हमलावरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। ताजा घटना से हिंदू समाज में आक्रोश है। हिंदू समुदाय ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हिंदू समाज का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं स्वीकार नहीं की जा सकती हैं। सरकार को दोषियों की गिरफ्तारी करनी चाहिए। उधर, पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समाज के धार्मिक स्थलों को लंबे समय से क्षतिग्रस्त किया जा रहा है। कुछ माह पहले कट्टरपंथियों ने एक धार्मिक स्थल की नींव को उखाड़ दिया था। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था। धार्मिक अतिवादियों पर शिकंजा कसने में सरकार कतई नाकाम नजर आ रही है।