इंदिरापुरम और इंदिरापुरम विस्तार योजना में 1 दिसंबर को 73 भूखंडों की नीलामी, निवेशकों के लिए सुनहरा अवसर

-आवासीय, व्यावसायिक और दुकान भूखंडों के लिए बोली प्रक्रिया के जरिए खरीदार कर सकेंगे निवेश, आवेदन फार्म ऑनलाइन उपलब्ध

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की इंदिरापुरम और इंदिरापुरम विस्तार योजना में भूखंड खरीदने की चाह रखने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जीडीए आगामी 1 दिसंबर, सोमवार को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में 73 भूखंडों की नीलामी करेगा। इस नीलामी में आवासीय, व्यावसायिक, दुकान और कियोस्क जैसे विभिन्न प्रकार के भूखंडों को शामिल किया गया है, जिन्हें खरीदने के इच्छुक लोग बोली प्रक्रिया के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। विशेष रूप से इस बार जीडीए ने नीलामी में केवल इंदिरापुरम और इंदिरापुरम विस्तार योजना के भूखंडों को शामिल किया है। यह पहली बार है जब किसी एक क्षेत्र की संपत्तियों को ही प्राथमिकता देते हुए नीलामी की जा रही है। इस योजना के तहत 32 व्यावसायिक, 25 आवासीय और 14 दुकान/कियोस्क भूखंड नीलामी में रखे गए हैं।

नीलामी के लिए भूखंडों की सूची पहले ही तैयार कर ली गई है और इसके ब्रोशर जीडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। इंदिरापुरम योजना के न्याय खंड-1 में 28 व्यावसायिक भूखंड, अभय खंड में एक व्यावसायिक भूखंड, शक्तिखंड-4 में एक कियोस्क भूखंड और होटल भूखंड, तथा ज्ञानखंड-3 में 14 दुकान के भूखंड शामिल हैं। वहीं, इंदिरापुरम विस्तार योजना के ब्लॉक-एक में 20 आवासीय और दो व्यावसायिक भूखंड और ब्लॉक-बी में पांच आवासीय और एक व्यावसायिक भूखंड नीलामी में शामिल होंगे। जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि यह नीलामी निवेशकों और नए मालिकों के लिए एक सुनहरा अवसर है।

उन्होंने कहा कि इच्छुक लोग पहले आवेदन फार्म भरकर नीलामी प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। इस अवसर का लाभ उठाकर लोग अपने व्यवसायिक या आवासीय सपनों को साकार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इंदिरापुरम और उसके विस्तार क्षेत्र में संपत्ति की मांग लगातार बढ़ रही है। नोएडा और दिल्ली से सटे इस क्षेत्र में निवेश करना लंबे समय में लाभदायक साबित होगा। इस नीलामी से न केवल भूखंडों का उचित आवंटन होगा, बल्कि गाजियाबाद में आवासीय और व्यावसायिक विकास को भी नई गति मिलेगी। इस प्रकार, आगामी 1 दिसंबर की नीलामी निवेशकों, व्यवसायियों और घर खरीदने की योजना बनाने वाले लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी। जीडीए की इस पहल से इंदिरापुरम क्षेत्र में विकास और निवेश की संभावनाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी।