दुस्साहस : बैंक में सरेशाम 56 लाख की लूट

इंडियन ओवरसीज बैंक में घुसे हथियार बदमाश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस की सख्ती के दावों के बावजूद बदमाश बाज नहीं आ रहे हैं। आगरा में बेखौफ बदमाशों ने मंगलवार की शाम इंडियन ओवरसीज बैंक को निशाना बनाया। बैंक से करीब 56 लाख रुपए लूटकर बदमाश रफूचक्कर हो गए। वारदात के बाद पुलिस में एकाएक हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गई है। आगरा में सदर थाना क्षेत्र के रोहता में यह वारदात प्रकाश में आई है। वहां इंडियन ओवरसीज बैंक की ब्रांच है। आगरा के पुलिस अधीक्षक (नगर) रोहन पी बोत्रे ने बताया कि इंडियन ओवरसीज बैंक में लूट की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर जाकर छानबीन की है। उन्होंने बताया कि 4 बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। चारों बदमाश हथियारों से लैस थे। पुलिस ने बैंक परिसर और बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच भी आरंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वारदात के बाद पुलिस ने समूचे क्षेत्र की नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश की। बदमाशों ने बैंक में प्रवेश करने के बाद हथियारों के बल पर कैशियर से 56 लाख रुपये लूट लिए। बैंक प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी तथा आस-पास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि बदमाशों के विषय में जल्द ठोस सुराग हाथ आ जाएंगे। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही है। उधर, इस वारदात से सदर थाना क्षेत्र में पुलिस चौकसी के दावों की कलई खुल गई है।