भारत में ऑस्ट्रिया दूतावास 11 नवंबर तक बंद

विएना में आतंकी हमले के बाद एम्बेसी का निर्णय

विएना। आतंकी हमले से अब ऑस्ट्रिया की राजधानी विएना एकाएक हिल गया है। स्वचालित हथियारों से लैस आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर सनसनी फैला दी। हमले में अब तक 3 नागरिकों की मौत हो गई है। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने एक हमलावर को ढेर कर दिया। उधर, ऑस्ट्रिया ने भारत में अपना दूतावास 11 नवंबर तक बंद करने की घोषणा की है। यह वीभत्स हमला मध्य विएना में सोमवार की रात करीब 8 बजे किया गया है। सीसीटीवी फुटेज में हथियारों से लैस हमलावर स्पष्ट नजर आ रहा है। वह सड़क किनारे शख्स को निशाना बना रहा है। ऑस्ट्रियाई चांसलर सेबेस्टियन कुर्ज़ ने इसे देश पर आतंकी हमला करार दिया है। पुलिस के मुताबिक शहर के केंद्र में एक धार्मिक स्थल के पास सबसे पहले गोलीबारी हुई। इसके बाद 6 अलग-अलग स्थानों पर हमले किए गए। ऑस्ट्रिया में कोरोना वायरस के मद्देनजर लॉक डाउन को पुन: लागू किए जाने से कुछ घंटे पहले यह हमला किया गया। हमले के समय कुछ नागरिक बार और रेस्टोरेंट में मौजूद थे। हमले में एक अधिकारी भी घायल हो गए। उधर, ऑस्ट्रिया के आंतरिक मंत्री कार्ल नेहमर ने मंगलवार को पत्रकारों से वार्ता में कहा कि अभी तक जो जानकारी हमारे पास है, उसके मुताबिक कम से कम एक हमलावर अभी जिंदा है, जो अभी हमारी नजरों से दूर है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस हमले में कितने हमलावर शामिल थे। ऑस्ट्रियाई नेता कुर्ज ने कहा कि हमलावर बहुत अच्छी तरह से स्वचालित हथियारों से लैस थे। वह पेशेवर रूप से तैयार थे। इससे पहले उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि हमारी पुलिस इस आतंकवादी हमले के अपराधियों के खिलाफ निर्णायक रूप से लड़ेगी। उधर, ऑस्ट्रिया ने एहतियात के तौर पर भारत में अपना दूतावास 11 नवम्बर तक बंद रखने का निर्णय लिया है।