पुरस्कार : राम मंदिर मॉडल की झांकी सर्वश्रेष्ठ

उत्तर प्रदेश को प्रथम स्थान, मिलेगा सम्मान

लखनऊ। दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर प्रदर्शित भव्य राम मंदिर मॉडल की झांकी को देश की सर्वश्रेष्ठ झांकी के तौर पर चुना गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज इस झांकी को पुरस्कृत करेंगे। इस झांकी को प्रथम पुरस्कार मिलने पर बधाइयों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। दिल्ली में 26 जनवरी को राजपथ पर निकली परेड में इस बार उत्तर प्रदेश की तरफ से भव्य राम मंदिर मॉडल की झांकी प्रस्तुत की गई थी। यह झांकी बेहद आकर्षक थी। इस झांकी को अब देश की सर्वश्रेष्ठ झांकी के रूप में चुना गया है। प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में निर्माणाधीन भव्य और दिव्य मंदिर का वैभव इस मर्तबा दिल्ली में राजपथ के माध्यम से समूची दुनिया ने देखा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर भी मंदिर का मॉडल देखकर प्रसन्नता देखने को मिली थी। उप्र के सूचना निदेशक शिशिर ने उत्तर प्रदेश की तरफ से प्रस्तुत राम मंदिर मॉडल की झांकी को प्रथम पुरस्कार मिलने की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि इस साल के गणतंत्र दिवस में उत्तर प्रदेश की भव्य झांकी को प्रथम स्थान पाने का गौरव प्राप्त, सारी टीम को दिल से बधाई। गीतकार वीरेंद्र सिंह का विशेष आभार। शिशिर ने बताया कि हर किसी ने राम मंदिर मॉडल को पहला स्थान मिलने की बधाई दी। इस तरह की तारीफ से काम करने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश को 2 साल से पुरस्कार मिल रहा है। पिछली बार दूसरा स्थान मिला था। इस बार पहला स्थान मिला है। बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी झांकी की तस्वीर अपने ट्विटर पर पोस्ट की थी। सीएम आदित्यनाथ ने तस्वीर पोस्ट कर लिखा कि जहां अयोध्या सियाराम की, देती समता का संदेश, कला और संस्कृति की धरती, धन्य-धन्य उत्तर प्रदेश।