-डीसीपी ने ली नार्को-आर्डिनेशन मैकेनिज्म (एनसीओआरडी) की बैठक
गाजियाबाद। युवाओं के बीच तेजी से बढ़ रहे ड्रग्स, स्मैक जैसे नशीले पदार्थों की लत से प्रशासन व नारकोटिक्स विभाग काफी चिंतित है। नशीले पदार्थों का सेवन रोकने के उद्देश्य से नारकोटिक्स विभाग युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चला रही है। सोमवार को महात्मा गांधी सभागार कलेक्ट्रेट में डीसीपी (ट्रांस हिंडन) शुभम पटेल की अध्यक्षता में नॉर्को-आर्डिनेशन मैकेनिज्म (एनसीओआरडी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान माध्यमिक शिक्षा विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, चिकित्सा विभाग, आरटीओ, उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग, राजकीय रेलवे, पुलिस विभाग, राज्य कर विभाग, कृषि विभाग, सामाजिक वानिकी प्रभाग, औषधि विभाग, पंचायती राज विभाग, नगर विकास विभाग, प्रोबेशन विभाग, आबकारी विभाग, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन एवं सम्बंधित विभाग के अधिकारी/प्रभारी/प्रतिनिधियों से चर्चा की गई।
डीसीपी शुभम पटेल ने बैठक में निर्देश दिए कि जनपद में नशा उन्मूलन एवं जन जागरूकता अभियान चलाये जायें। ड्रग के विरोध में मार्च/दौड़/रैली निकाली जाये। एसएमएस, बैनर्स, पोस्टर्स, होर्डिंगों आदि द्वारा प्रचार-प्रसार किया जाये। नशा विरोधी जागरूकता अभियान के अन्तर्गत जागरूकता पखवाड़ा मनाये जाने के निर्देश दिये गये तथा उसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराये जाने के निर्देश दिये गए। स्कूल कॉलेजों में एक दिन आवश्यक रूप से नशे के विरूद्ध जन जागरूकता अभियान चलाया जाए, जिसमें निबंध, वाद-विवाद, भाषण, चित्रकला आदि प्रतियोगिता आयोजित की जाये।
एलईडी डिस्प्ले के माध्यम से नशा मुक्ति के लिए सूक्ष्म वीडियों/ऑडियो क्लिप के माध्यम से गाजियाबाद क्षेत्र के सभी बस स्टेशनों पर उद्घोषणा यंत्र द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने और परिवहन निगम के अनुबंधित ढाबों पर भी नशा मुक्ति से सम्बन्धित होर्डिंगस/बोर्ड लगाये जाने के निर्देश दिए गए। जनपद में संघन चैकिंग अभियान चलाकर अवैध मादक पदार्थो की तस्करी पर पूर्ण रूप से विराम लगाये जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम सिटी गंभीर सिंह, जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, सहित सम्बंधित विभाग के अधिकारियों/प्रतिनिधियों उपस्थित रहे।

















