स्वस्थ हृदय–स्वस्थ जीवन पर जागरूकता सत्र आयोजित

-ग्रेनो वेस्ट के सर्वोदय अस्पताल में आयोजित किया गया कार्यक्रम

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के सर्वोदय अस्पताल द्वारा एसबीआई पेंशनर्स एसोसिएशन, गाजियाबाद के सहयोग से 18 दिसंबर 2025 को “स्वस्थ हृदय–स्वस्थ जीवन” विषय पर एक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को हृदय रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में 42 पेंशनभोगियों ने भाग लिया, जिनमें 5 पेंशनभोगियों के जीवनसाथी भी शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों ने सत्र में उत्साहपूर्वक भागीदारी की और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। सर्वोदय अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग की निदेशक डॉ. गायत्री आरबी सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में प्रस्तुति दी। उन्होंने हृदय से जुड़ी सामान्य और गंभीर समस्याओं, उनके कारणों और बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. सिंह ने बताया कि संतुलित खान-पान, नियमित शारीरिक व्यायाम, तनाव प्रबंधन तथा चीनी और नमक के सीमित उपयोग से हृदय रोगों के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर देते हुए बुजुर्गों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह भी दी। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति में जीवन रक्षक तकनीक सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का लाइव प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने काफी उपयोगी बताया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के लिए हल्के जलपान की व्यवस्था की गई। उपस्थित पेंशनभोगियों ने इस सत्र को बेहद लाभकारी और ज्ञानवर्धक बताते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।