याचिका पर सुनवाई टली, अगले सप्ताह का मिला समय
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के रामपुर की स्वार विधान सभा सीट पर चुनाव कराने के इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद एवं पूर्व मंत्री आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम ने यह याचिका दाखिल की है। देश की शीर्ष अदालत में इस याचिका पर फिलहाल सुनवाई स्थगित हो गई है। कोर्ट इस मामले में अगले सप्ताह सुनवाई करेगा। बता दें कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कुछ दिन पहले अब्दुल्ला आजम की विधायकी सदस्यता रद्द कर दी थी। हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश के रामपुर की स्वार विधान सभा सीट पर चुनाव कराने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट के इस निर्णय को अब्दुल्ला आजम ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में अभी सुनवाई नहीं की है। अगले सप्ताह सुनवाई की जाएगी। 2 जन्म प्रमाण पत्र बनवाए जाने के प्रकरण में सपा सांसद आजम खान, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम जेल में हैं। इसी साल जनवरी में अब्दुल्ला को सुप्रीम कोर्ट से कोई राहत नहीं मिली थी। कोर्ट ने निर्वाचन रद्द करने के हाईकोर्ट के फैसले पर रोक लगाने से साफ इनकार कर दिया था। हाईकोर्ट ने इस आधार पर अब्दुल्ला आजम खान की विधायकी रद्द की थी कि साल 2017 में उनकी उम्र चुनाव लडऩे के लिए कम थी। चुनाव के समय न्यूनतम निर्धारित 25 साल की उम्र नहीं होने के कारण उनका निर्वाचन रद्द किया गया था। हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब्दुल्ला आजम को विधायकी से हाथ धोना पड़ा था। सांसद आजम खान को भी इस फैसले से बड़ा झटका लगा था। उधर, अब्दुल्ला आजम के खिलाफ बसपा के उम्मीदवार रहे नवाब काजिम अली ने चुनाव आयोग में शिकायत की थी। शिकायत में अब्दुल्ला पर फर्जी दस्तावेजों की मदद से चुनाव लडऩे का आरोप लगाया था। फिलहाल याचिका कर्ता को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
















