बाबरी विध्वंस केस : आडवाणी बोले, जय श्रीराम

मुरली मनोहर जोशी ने कहा, सबको सन्मति दे भगवान

बकौल आचार्य धर्मेंद्र, यह तो झांकी, काशी-मथुरा बाकी

नई दिल्ली। अयोध्या के बाबरी मस्जिद विध्वंस केस में सीबीआई की विशेष अदालत का फैसला आने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी काफी प्रसन्न नजर आए। दोनों नेताओं ने कोर्ट के फैसले पर खुशी जाहिर की। उत्साहित आडवाणी ने जय श्रीराम का नारा भी लगाया। उधर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह न्याय की जीत है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि सीबीआई कोर्ट का फैसला काफी अह्म है। काफी समय बाद अच्छा समाचार मिला है, बस इतना कहूंगा कि जय श्रीराम। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने भी कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन ऐतिहासिक पल था। कोर्ट ने आज ऐतिहासिक निर्णय सुनाया। उन्होंने कहा कि राम मंदि आंदोलन का मकसद देश की मर्यादाओं को सामने रखना था। अब राम मंदिर का निर्माण भी होने जा रहा है। जय जय सिया राम, सबको सन्मति दे भगवान। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने भी फैसले पर प्रसन्नता जाहिर की।

बाबरी विध्वंस केस: अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण मिश्र ने कहा अदालत का फैसला राम भक्तों की है जीत

कल्याण सिंह इन दिनों गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने अस्पताल में कोर्ट के फैसले को सुना। उधर, रक्षा मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने भी फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने ट्वीट किया, लखनऊ की विशेष अदालत द्वारा बाबरी मस्जिद विध्वंस केस में लालकृष्ण आडवाणी, कल्याण सिंह, डॉ. मुरली मनोहर जोशी समेत 32 लोगों के किसी भी षड्यंत्र में शामिल न होने के निर्णय का मैं स्वागत करता हूं। इस निर्णय से यह साबित हुआ है कि देर से ही सही मगर न्याय की जीत हुई है। वहीं, केस में दोष मुक्त करार आचार्य धर्मेंद्र ने कहा कि यह सत्य की जीत हुई है। इस पर मैं प्रणाम करूंगा। हम सब मिलकर जितने भी पुराने दाग हैं, उनको धोएंगे। यह तो पहली झांकी है, काशी-मथुरा बाकी है।