कैंब्रिज पब्लिक स्कूल में मनाया गया बसंत पंचमी का उत्सव

गौतमबुद्ध नगर। चिपियाना बुजुर्ग स्थित कैंब्रिज पब्लिक स्कूल में बुधवार को बसंत पंचमी का उत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। छात्रों ने इस मौके पर मां सरस्वती को समर्पित गीतों को प्रस्तुत किया। बसंत पंचमी का दिन ज्ञान की देवी को समर्पित होता है। ऐसे में स्कूल के सभी छात्रों ने मिलकर इस दिन को मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती देवी की पूजा से किया गया। कार्यक्रम में सभी अध्यापिकाओं के साथ-साथ मां सरस्वती की वंदना की तथा उन्हें अपने प्रकाश से आलोकित करने की प्रार्थना की।

चेयरमैन विवेक चौधरी और प्रिंसिपल रितु चौधरी ने कहा बसंत पंचमी का त्योहार ज्ञान की देवी सरस्वती को समर्पित है। हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार सरस्वती देवी कला, बुद्धि और ज्ञान के निरंतर प्रवाह का प्रतीक है। इस पर्व को बच्चे ही नहीं, बल्कि स्कूलों, दफ्तरों, संगीत और साहित्य की साधना करने वाले साधक भी बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। माना जाता है इस दिन वीणा वादिनी, हंस पर विराजमान माता सरस्वती मनुष्य के जीवन में छाई अज्ञानता को मिटाकर उन्हें ज्ञान और बुद्धि का उपहार देकर उनका कल्याण करती है।

आज के दिन ऋतुराज वसंत का आगमन माना जाता है और बसंत ऋतु को सभी ऋतुओं का राजा कहा जाता है। इस दिन सभी पीले रंग के वस्त्र धारण करते हैं। बच्चो के लिए इस दिन का बहुत महत्व होता है। इस दौरान अनुषा चौधरी और शिक्षक राबिया, सानिया, मनमोहन, ममतेश, संगीता, प्रीति, वर्षा, ममता, पिंकी व स्कूल के बच्चों ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।