-नगर आयुक्त ने तालाबों का स्थलीय निरीक्षण कर लिया चल रहे कार्यों का जायजा
-रफ्तार से हो तालाबों का जीर्णोद्धार, अधिकारी बढ़ाएं मॉनिटरिंग
गाजियाबाद। भूजल स्तर में बढ़ोतरी के लिए विभिन्न स्तरों पर नगर निगम ने प्रयास शुरू कर दिए है। कोशिश है कि तालाबों का जीर्णोद्धार कराकर उन्हें वर्षा जल के संचय के लिए संवारा जाए। नगर निगम के सहयोग से यह काम प्रगति पर है। कई तालाबों को संवारा जा चुका है। नगर निगम द्वारा अमृत सरोवर के अंतर्गत तालाबों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। बुधवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथलेश कुमार, महाप्रबंधक जल केपी आनंद, पॉन्ड मैन रामवीर तंवर व अन्य संबंधित टीम के साथ मोरटा स्थित तालाब और सदरपुर स्थित तालाब का स्थलीय निरीक्षण किया। नगर निगम जलकल विभाग द्वारा रफ्तार से कार्य करते हुए शहर के चार तालाबों पर अभियान के रूप में कार्य किया जा रहा है। सिटी जोन अंतर्गत मोरटा तालाब जिसका क्षेत्रफल 2.11 एकड़ है और पक्का तालाब जिसका क्षेत्रफल 2.0 1 एकड़ है।
कवि नगर जोन अंतर्गत सदरपुर तालाब जिसका क्षेत्रफल 5.25 एकड़ है और कवि नगर जोन अंतर्गत नायफल का तालाब, जिसका क्षेत्रफल 3.09 एकड़ है। जिन पर भूगर्भ जल स्तर बढऩे के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। जल है तो जीवन है के अमृत सरोवर योजना को कामयाब बनाने के लिए पिछले काफी समय से नगर निगम काम कर रही है। तालाबों को पुनर्जीवित कर उन्हें संवारा जा रहा है। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार सभी तालाबों की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने मोरटा और सदरपुर तालाब का जायजा लिया। वहां चल रहे कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मानसून से पहले तालाबों को पूर्ण रूप से व्यवस्थित करने के लिए कहा। संबंधित जलकल विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार को भी मौके पर समय सीमा निर्धारित करते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इसी के साथ तालाब के जल को ट्रीटमेंट करने के लिए फिल्टर लगाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बताया चयनित तालाबों पर न केवल जल संरक्षण के लिए तालाबों की सफाई कराई जा रही है। बल्कि तालाबों के आसपास तालाबों की सुंदरता बढ़ाने के लिए पौधरोपण का कार्य भी किया जाएगा। फुटपाथ व अन्य कार्य भी किए जाएंगे। नगर निगम द्वारा कराए जा रहे कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों मे उत्साह देखने को मिल रहा है और नगर निगम टीम का सहयोग भी कर रहे हैं। जन सहभागिता से नगर निगम द्वारा अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत चयनित तालाबों की साफ सफाई के साथ-साथ उनका सुंदर बनाने का भी कार्य चल रहा है। जलकल विभाग के अधिकारियों को कार्य की मॉनिटरिंग लगातार करने के लिए विशेष रूप से कहा गया। उन्होंने बताया तालाबों के जीर्णोद्धार का काम मिलकर किया जा रहा है जिससे बरसात के दौरान पानी को तालाब में संरक्षित किया जा सके।


















