फर्जी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट से रहें सावधान

मेरठ में फैक्ट्री का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वाहन चोरों ने पुलिस को चकमा देने के लिए हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट का तोड़ भी ढूंढ़ लिया है। वाहनों पर अब फर्जी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट भी लगाई जाने लगी हैं। जनपद मेरठ में प्रकाश में आए मामले ने पुलिस के होश उड़ा दिए हैं। मेरठ में फर्जी नंबर प्लेट बनाने की फैक्ट्री का खुलासा किया गया है। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर मौके से सैकड़ों फर्जी नंबर प्लेट बरामद की हैं। नंबर प्लेट तैयार करने को दिल्ली से कच्चा माल लाने की भी जानकारी सामने आई है। केंद्र एवं राज्य सरकार ने सभी प्रकार के वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट अनिवार्य कर दी है। इस नंबर प्लेट के इस्तेमाल से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है। देशभर में पिछले कुछ समय से दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाई जा रही हैं, मगर चोरों ने इस नंबर प्लेट का तोड़ भी खोज लिया है। मेरठ की मोहनपुरी कॉलोनी में शुक्रवार की रात पुलिस टीम ने फैक्ट्री पर छापा मारा। आरोप है कि वहां फर्जी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बनाने का काम चल रहा था। मौके से तैयार 500 नम्बर प्लेट पुलिस ने बरामद की हैं। जबकि 50 अर्धनिर्मित प्लेट, 300 से अधिक खाली प्लेट, हाईड्रोलिक मशीन, डाई, पेस्टिंग मशीन व होलोग्राम आदि भी मिले हैं। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक तनुज अग्रवाल निवासी सम्राट पैलेस व श्रीराम निवासी मोहन पुरी को दबोच लिया। इसके अलावा सदर बाजार थाना पुलिस ने थापरनगर गुरुद्वारे के पास फर्जी नंबर प्लेट बेचने में संदीप कुमार को गिरफ्तार किया है। संदीप के पास से 12 नंबर प्लेट बरामद हुई हैं। संदीप के साथी वसीम की सरगर्मी से तलाश हो रही है। पुलिस जांच में मालूम पड़ा है कि यह गैंग अब तक 20 हजार से ज्यादा वाहनों में फर्जी नंबर प्लेट लगा चुका है। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।