-शीर्ष 6 प्रतिभागियों में शामिल अभिनेत्री व मॉडल मालती चाहर ने छात्रों से साझा किए अपने अनुभव, असफलता से डरें नहीं, यही सफलता की सबसे बड़ी शिक्षक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आई.टी.एस, मोहननगर में शुक्रवार को एक प्रेरणादायी और उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला, जब ‘बिग बॉस-2025’ की शीर्ष 6 प्रतिभागियों में शामिल अभिनेत्री, मॉडल और फिल्ममेकर मालती चाहर ने छात्रों से सीधा संवाद किया। इस विशेष कार्यक्रम में छात्रों को न केवल एक लोकप्रिय चेहरे से मिलने का अवसर मिला, बल्कि जीवन, करियर और आत्मविकास से जुड़े महत्वपूर्ण सूत्र भी सीखने को मिले। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ आई.टी.एस-द एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा, मुख्य अतिथि मालती चाहर, फिल्म निर्माता समीर चाहर तथा संस्था के निदेशकगण डॉ. अजय कुमार, डॉ. सुनील पांडेय और डॉ. नैंसी शर्मा द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर पूरे सभागार में सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का माहौल दिखाई दिया। अपने स्वागत संबोधन में अर्पित चड्ढा ने कहा कि भारत प्रतिभाओं से भरा हुआ देश है, आवश्यकता केवल सही मंच और अवसर प्रदान करने की है।
उन्होंने कहा कि मालती चाहर जैसी युवा हस्तियां, जिन्होंने मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर अपनी अलग पहचान बनाई है, आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का सशक्त उदाहरण हैं। उन्होंने छात्रों से ऐसे व्यक्तित्वों से सीख लेकर अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया और सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मालती चाहर ने आई.टी.एस मोहननगर द्वारा छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि छात्रों से जुडऩा उनके लिए बेहद खुशी की बात है, क्योंकि युवा ही किसी भी देश का भविष्य होते हैं। अपने प्रेरक संबोधन में मालती चाहर ने कहा कि आज का समय अवसरों से भरा हुआ है, लेकिन चुनौतियाँ भी उतनी ही तेजी से बदल रही हैं। आने वाला भविष्य केवल डिग्री नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, लचीलापन और सीखने की क्षमता को महत्व देगा।
उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे सबसे पहले खुद पर विश्वास करना सीखें। आत्मविश्वास का अर्थ यह नहीं कि हमें सब कुछ आता है, बल्कि यह है कि हम हर नई परिस्थिति का साहस के साथ सामना कर सकें। छात्रों के साथ संवाद करते हुए और उनके प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि संवाद कौशल, टीमवर्क, रचनात्मक सोच, अनुशासन और भावनात्मक समझ-ये सभी गुण किसी भी करियर में सफलता की कुंजी होते हैं। उन्होंने छात्रों को कक्षा के बाहर की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने, अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलने और नए अनुभवों के लिए खुद को तैयार रखने की सलाह दी।
मालती चाहर ने असफलता के महत्व पर भी विशेष रूप से प्रकाश डालते हुए कहा कि असफलता से डरना नहीं चाहिए, क्योंकि यही हमें मजबूत बनाती है और आगे बढ़ने का रास्ता दिखाती है। हर गिरावट अपने साथ एक सीख लेकर आती है, जो हमें पहले से बेहतर बनाती है। कार्यक्रम के अंत में मालती चाहर ने छात्रों के साथ अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा किए और उनके साथ फोटो खिंचवाकर इस यादगार संवाद को और भी खास बना दिया। यह आयोजन छात्रों के लिए न केवल प्रेरणास्रोत बना, बल्कि उनके आत्मविश्वास और सपनों को नई दिशा देने वाला साबित हुआ।















