बिग बॉस : निक्की और जैस्मिन में तीखी बहस

काम से पीछे हटीं तंबोली, रोने लगीं टीवी की नागिन

मुंबई। छोटे पर्दे पर रियलिटी शो बिग बॉस शुरू हो गया है। बिग बॉस के हाउस में घमासान भी आरंभ हो गया है। शो के 14वें सीजन में पहली तकरार साउथ इंडियन अभिनेत्री निक्की तंबोली और टीवी की नागिन यानी जैस्मिन भसीन के बीच हुई है। दोनों के मध्य नोक-झोंक का यह वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो पर यूजर्स के खूब रिएक्शन आ रहे हैं। बिग बॉस को छोटे पर्दे का सबसे विवादित शो माना जाता है। शो में प्रतिभागियों के बीच प्यार, तकरार, साजिश सबकुछ देखने को मिलता है। शो में फिलहाल साउथ इंडियन अभिनेत्री निक्की तंबोली सर्वाधिक चर्चाओं में हैं। जिन्होंने बिग बॉस के हाउस में आने के बाद नखरे दिखाने शुरू कर दिए हैं। घर के काम के मुद्दे पर निक्की पहले एजाज खान से उलझ पड़ीं। अब टीवी की नागिन यानी जैस्मिन भसीन से उनकी झड़प हो गई है। झड़प के दौरान दोनों एक-दूसरे पर चिल्लाते नजर आ रही हैं। ग्रैंड प्रीमियर के बाद शो का प्रोमो शेयर किया गया है। प्रोमो में निक्की तंबोली और जैस्मिन भसीन में टकराव होता दिखाई दे रहा है। नाराज निक्की काम करने से साफ मना कर देती हैं। इस पर जैस्मिन भड़क उठती हैं। दोनों में काफी कहासुनी होती है। वीडियो में जैस्मिन निक्की से कहती हैं कि तुम इसलिए बर्तन नहीं धोना चाहती, क्योंकि तुम्हारे हाथ खराब हो जाएंगे। इसके बाद निक्की काम करने से स्पष्ट इंकार कर देती हैं। वह यह कहकर वहां से चली जाती हैं कि जैस्मिन का बोलने का तरीका कतई ठीक नहीं है। इसके बाद जैस्मिन रोने लगती हैं। शो के प्रीमियर पर निक्की ने अपने इरादे स्पष्ट कर दिए थे। उन्होंने कहा था कि काम करना उन्हें पसंद नहीं है।