चुनाव प्रचार के अंतिम दिन नीतीश ने चौंकाया

बिहार सीएम बोले, यह मेरा आखिरी चुनाव

पटना। बिहार में विधान सभा चुनाव के अंतिम चरण के प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ी घोषणा कर सियासी जगत में हलचल मचा दी। उन्होंने कहा कि वह आखिरी चुनाव लड़ रहे हैं। इसके बाद किसी चुनाव में आगे नहीं आएंगे। जनता दल (यू) सुप्रीमो एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने धमदाहा में आयोजित चुनावी रैली में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। अब परसों चुनाव होना है। ये मेरा आखिरी चुनाव है। अंत भला तो सब भला। इसके बाद सीएम ने नागरिकों से वोट देने की अपील की। उन्होंने धमदाहा विधान सभा सीट के प्रत्याशी को माला पहनाई। नीतीश कुमार पिछले कुछ दिनों से निरंतर चुनाव प्रचार कर रहे हैं, मगर यह पहला मौका है जब उन्होंने ऐसी कोई बात कही है। नीतीश पिछले 15 साल से बिहार के मुख्यमंत्री हैं। इसके पहले वह रेल मंत्री एवं कृषि मंत्री भी रह चुके हैं। उधर, चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भाजपा ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मिथिलांचल की हायाघाट विधान सभा सीट (दरभंगा) पर जनसभा संबोधित की। उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव पर हमला बोला। नड्डा ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधकर कहा कि ये तो विनाश करने वाले हैं। विकास क्या लाएंगे ? राजद के युवराज अब मोदी जी की वजह से विकास की बात करने लगे हैं। तेजस्वी के दस लाख नौकरियां देने के वादे पर भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि बजट सत्र में तेजस्वी गायब रहे। विधान सभा में जाते नहीं और नौकरी देने की बात करते हैं। उन्होंने सवाल किया कि आज ये रोजगार देने की बात कर रहे हैं। लालू प्रसाद यादव के राज में लाखों नागरिक बिहार से पलायन कर गए, उसका जवाब कौन देगा ? बता दें कि बिहार में 10 नवम्बर को चुनावी नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। तीसरे एवं अंतिम चरण के प्रचार-प्रसार पर आज से रोक लग गई।